रतलाम। जिले में खाद्यान्न वितरण की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन उचित मूल्य दुकानों पर राशन का वितरण कम हो रहा है, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दुकानवार वितरण की समीक्षा करने और सबसे कम राशन वितरित करने वाली दुकानों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।
सैलाना, रतलाम और बाजना की स्थिति पर नाराजगी –
कलेक्टर ने कहा कि सैलाना, रतलाम एवं बाजना क्षेत्रों में खाद्यान्न वितरण की स्थिति संतोषजनक नहीं है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में कम वितरण को लेकर उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। समीक्षा में बाजना जनपद पंचायत के आमलीपाड़ा, तम्बोलिया, कुंडियापाड़ा, जाबड़ और रूपापाड़ा में सबसे कम खाद्यान्न वितरण पाया गया। वहीं रतलाम जनपद के नौगांवाजागीर, ईटावाखुर्द, तितरी, बिबड़ोद और रामपुरिया तथा सैलाना जनपद के कांगसी, कोटड़ा, पुनियाखेड़ी, वाली और भामट गांवों में भी राशन वितरण की स्थिति कमजोर मिली।
जमीन आवंटन और स्वास्थ्य कार्यों की भी समीक्षा –
बैठक में कलेक्टर ने जिला अधिकारियों को जमीन आवंटन से जुड़े मामलों में तहसीलदार के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण करने और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग को बाजना में मेटरनिटी वार्ड निर्माण का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

