– मावा भट्टियों से लेकर किराना और नमकीन प्रतिष्ठानों तक पहुंची टीम; अब लैब रिपोर्ट बताएगी खाद्य पदार्थों की असली गुणवत्ता
रतलाम। जिले में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जावरा, ताल और रानीसिंग क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया। टीम ने अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर घी, रसगुल्ला, दाल, चावल, मसाले, नमकीन, मावा और बेसन सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। अब इन नमूनों की जांच राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल में होगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि लिए गए नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जावरा के बाजारों में घी से लेकर मसालों तक की जांच –
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने जावरा के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। पुरानी धान मंडी स्थित अमित एजेंसी से डेयरी बेस्ट घी एवं केपीआर रसगुल्ले के नमूने लिए गए। इसके अलावा कोठी बाजार स्थित निहालचंद रामलाल फर्म से नमस्ते इंडिया देसी घी, पुरानी धान मंडी स्थित प्यारचंद सागरमल फर्म से तुअर दाल एवं चावल तथा अर्पित ट्रेडर्स से काली मिर्च और सौंफ के नमूने जांच के लिए लिए गए।
ताल में नमकीन और खाद्य सामग्री पर नजर –
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा ने ताल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ग्राम मंडावल स्थित कृष्णा टी एंड रेस्टोरेंट से सेव एवं बेसन के नमूने लिए। संजय किराना से राजश्री नमकीन, पंथपिपलौदा स्थित पोरवाल किराना से साबूदाना तथा सतगुरु नमकीन भंडार से मिक्चर एवं सेव के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
रानीसिंग में मावा भट्टियों तक पहुंची जांच टीम –
रानीसिंग क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया ने निरीक्षण और नमूना कार्रवाई की। राधेश्याम मावा भट्टी से मावे के दो नमूने और छगनलाल मावा भट्टी से मावे का एक नमूना लिया गया। वहीं मां शक्ति किराना एवं रेस्टोरेंट से बेसन का नमूना जांच के लिए लिया गया।
अब रिपोर्ट पर टिकी नजर –
निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठान संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फिलहाल लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

