– स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रशासन और नगर पालिका ने निकाली तिरंगा यात्रा
– सांदीपनि स्कूल से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और नागरिकों ने लिया हिस्सा
जावरा। तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। इसमें समाहित प्रत्येक रंग भारतीय संस्कृति, सद्भाव, सौहार्द, समृद्धि, विकास, शांति एवं त्याग को दर्शाता है। हमें अपनी मातृभूमि की प्रतिष्ठा एवं सम्मान में कभी कमी नहीं आने देने का संकल्प लेना चाहिए।
यह विचार विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद जावरा द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर व्यक्त किए। सांदीपनि स्कूल से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए देशभक्ति के गगनभेदी नारों के साथ आगे बढ़ी। यात्रा में सांदीपनि विद्यालय, शासकीय कमला नेहरू कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय काटजू हाई स्कूल एवं आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के हजारों विद्यार्थी एवं शिक्षक शामिल हुए। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विधायक डॉ. पांडेय ने कहा कि आज हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि देश की एकता, अखंडता और मातृभूमि की प्रतिष्ठा एवं सम्मान में कभी कमी नहीं आने देंगे। तिरंगा हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग और जिम्मेदारी का संदेश देता है।
अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता –
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अनम कड़पा, अनुविभागीय अधिकारी रचना शर्मा, जनपद सीईओ तीजा पंवार, नगर पालिका सीएमओ चन्द्रशेखर सोनिस, भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी, नगर अध्यक्ष राजेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही तिरंगा यात्रा में सीएसपी युवराज सिंह चौहान, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा, भाजपा नेता प्रांजल पांडे, अभय कोठारी, पार्षद संतोष शर्मा, मनोहर पांचाल, शिवेंद्र माथुर, लोकेश विजवा, सोनू यादव, राजेश धाकड़, रजत सोनी, मुस्तकीम मंसूरी, मंजू पांचाल सहित तहसीलदार पवन पवैया, प्राचार्य राजेंद्र बोस, सुमित्रा बामनिया, हीमा सोलंकी सहित शिक्षकगण एवं सैकड़ों नागरिक भी तिरंगा यात्रा का हिस्सा बने। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों और नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। संचालन उप प्राचार्य संजय श्रीवास्तव ने किया। आभार नगर पालिका अध्यक्ष अनम कड़पा ने व्यक्त किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

