– भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान
– 25 मंडलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
रतलाम। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला रतलाम द्वारा आयोजित तिरंगा वाहन रैली का भव्य समापन मंचीय कार्यक्रम के साथ हुआ। तिरंगे के साथ निकली वाहन रैली ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। समापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ता एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने युवाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रभक्ति की भावना को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने मंचासीन अतिथियों का तिरंगा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। स्वागत भाषण में उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों के साथ रतलाम जिले की पांचों विधानसभाओं के 25 मंडलों से बड़ी संख्या में पहुंचे युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।
तिरंगे की गरिमा बनाए रखने की अपील –
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने रैली में शामिल युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि कार्यक्रम के बाद यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थिति में राष्ट्रध्वज का अपमान न हो। उन्होंने कहा कि रैली में उपलब्ध कराए गए तिरंगे को 15 अगस्त को अपने घर पर सम्मानपूर्वक सबसे ऊंची जगह पर फहराएं और उसके बाद भी राष्ट्रध्वज की गरिमा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखें। कार्यक्रम को रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल एवं भाजयुमो प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रहित एवं संगठन के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद –
कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बजरंग पुरोहित एवं शैलेन्द्र डागा, जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप यादव, सैलाना की पूर्व विधायक संगीता चारेल, अजजा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दिलीप मकवाना एवं अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष गोविंद डामोर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सौरभ रांका ने किया। बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने आयोजन को भव्य बना दिया। तिरंगे के साथ निकली वाहन रैली और मंच से दिए गए राष्ट्रभक्ति के संदेश ने युवाओं में देशप्रेम एवं राष्ट्रध्वज के सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

