– महिलाओं ने सिर पर कलश और युवाओं ने कंधों पर कावड़ लेकर किया भगवान शिव का जलाभिषेक
– ढोढर की संकटमोचक व्यायामशाला के बाल कलाकारों ने अखाड़े के करतबों से मोहा मन
जावरा। मारुति नंदन उत्सव समिति के तत्वावधान में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्रावण मास के सोमवार, 10 अगस्त को शिवोह्म भव्य कावड़ एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। हजारों धर्मप्रेमी पुरुषों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की उपस्थिति में निकली इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। जगह-जगह यात्रा का पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर धर्मप्रेमियों का उत्साह बढ़ाया गया।
धार्मिक यात्रा का शुभारंभ गोपेश्वर महादेव मंदिर गौशाला से गायत्री परिवार के श्रेष्ठीजनों द्वारा मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान जावरा की सावित्री दीदी एवं भाई-बहनों द्वारा उपस्थित श्रद्धालुओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई।
संतो और अतिथियो की मौजुदगी में हुआ शुभारंभ –
यात्रा का शुभारंभ संत गौशरणानंद, आलोट पूर्व विधायक जितेंद्र गहलोत, के.के.सिंह कालूखेड़ा, कानसिंह चौहान, डॉ. एच.एस. राठौर, डॉ. दिलीप शाकल्य, हरिनारायण अरोड़ा, देवेंद्र शर्मा, हरिराम शाह, पिंकेश मेहरा एवं धर्मचंद चपड़ोद के आतिथ्य में हुआ।
सिर पर कलश, कंधों पर कावड़ और जुबां पर ‘बम-बम भोले’ –
कावड़ एवं कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, वहीं बड़ी संख्या में युवा कंधों पर कावड़ लेकर चल रहे थे। श्रद्धालु पूरे मार्ग में ‘बम-बम भोले‘ के जयघोष करते हुए भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था और भक्ति का प्रदर्शन कर रहे थे। धार्मिक वातावरण और जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया।
ढोढर की संकटमोचक व्यायामशाला के बाल कलाकार रहे आकर्षण का केंद्र –
यात्रा का मुख्य आकर्षण ढोढर ग्राम की संकटमोचक व्यायामशाला के 7 से 14 वर्ष की आयु के बेटे-बेटियों द्वारा प्रस्तुत अखाड़े के शानदार करतब रहे। नन्हे बाल कलाकारों ने विभिन्न शारीरिक एवं पारंपरिक अखाड़ा करतबों का प्रदर्शन कर उपस्थित हजारों लोगों को रोमांचित कर दिया। उनके प्रदर्शन पर लोगों ने करतल ध्वनि से उत्साहवर्धन किया।
सर्व समाज एवं राजनीतिक दलों के सामंजस्य का दिखा संदेश –
यात्रा संयोजक पवन भावसार एवं कैलाश विजवा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संपूर्ण आयोजन के सूत्रधार एवं आयोजक शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिदीप दिलीप शाकल्य थे। उन्होंने बताया कि सनातन की इस धार्मिक यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों सहित सर्व समाज का सहयोग और सामंजस्य देखने को मिला।
कावड़ कलश यात्रा में इनकी रही उपस्थिति –
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शंभूलाल चंद्रवंशी, कांग्रेस के विधानसभा प्रत्याशी रहे वीरेंद्र सिंह सोलंकी, जिला पंचायत सदस्य डी.पी. धाकड़, जिला पंचायत सदस्य राजेश भरावा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील कोचट्टा, भाजपा जावरा मंडल महामंत्री अनिल धारीवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एडवोकेट वरुण श्रोत्रिय, पूर्व जनपद अध्यक्ष रतन लाकड़, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा सहित पार्षद शिवेंद्र माथुर, रजत सोनी, भावना शर्मा, लोकेश विजवा, पप्पू चारोंडिया, कान्हा हाड़ा, बाबूलाल मईड़ा, आर.डी. धाकड़ एवं दिनेश सैनी, बड़ावदा भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकेश शर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र कुमावत, जिला योजना समिति सदस्य एवं पार्षद अनिल अवस्थी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजजनों ने यात्रा में सहभागिता की।
विभिन्न समाज एवं संस्थाओं ने किया स्वागत –
कावड़ एवं कलश यात्रा के दौरान पूरे रूट पर कई संस्थाओं ने स्वागत किया। जिसमें अभिभाषक संघ, आर्ट ऑफ लिविंग परिवार, भारत विकास परिषद, राठौर समाज, माली समाज, गवली समाज, केमिस्ट एसोसिएशन, पोरवाल समाज, सराफा एसोसिएशन, क्षत्रिय समाज, करणी सेना, डूंगरवाल परिवार, मांदलिया परिवार तथा फूल एवं फल व्यवसायियों द्वारा यात्रा के सूत्रधार डॉ. अभिदीप शाकल्य एवं अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से जोरदार स्वागत किया गया। सनातन महिला मंडल एवं श्री श्याम महिला सत्संग की महिलाओं ने भी यात्रा का स्वागत किया। इसके साथ ही इस्कॉन संस्था के निर्भय चौहान एवं साथीगण, मध्यप्रदेश परशुराम बोर्ड के अंजनी उपाध्याय एवं परिवार, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अभय कोठारी, मॉर्निंग वॉक क्लब तथा लायंस क्लब जावरा की ओर से सुधीर जैन, यश जैन एवं संतोष मेडतवाल, मध्यप्रदेश जैन सोशल ग्रुप के प्रदेश अध्यक्ष राहुल चपड़ोद एवं साथियों सहित सदस्यों ने कावड़ एवं कलश यात्रा का स्वागत किया।
प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं का जताया आभार –
यात्रा प्रभारी विजय सैनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कावड़ एवं कलश यात्रा के सफल आयोजन में स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका प्रशासन एवं नगर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। समिति की ओर से सभी सहयोगी संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया गया। भव्य कावड़ एवं कलश यात्रा ने एक बार फिर जावरा की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत की। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता और पूरे मार्ग में गूंजते ‘बम-बम भोले’ के जयघोष ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

