– अभिलेखागार, कोर्ट कैश और कार्यालयीन व्यवस्थाओं का किया अवलोकन
– अधिकारियों को समयबद्ध सेवाएं और त्योहारों की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश
जावरा। रतलाम जिले के कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने शुक्रवार को जावरा स्थित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के अभिलेखागार, कोर्ट कैश सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों के रख-रखाव का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर कटेसरिया ने कार्यालय में संचालित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, पारदर्शी कार्यप्रणाली तथा नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन से जुड़े प्रकरणों का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
त्यौहारों पर बनी रहे कानून व्यवस्था –
आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने कानून-व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य किया जाए, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालयीन कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने, रिकॉर्ड के उचित रख-रखाव तथा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत वैशाली जैन, एसडीएम जावरा रचना शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

