– ऑडिटोरियम, हाईटेक ई-लाइब्रेरी, मल्टी स्टोरी पार्किंग, फ्लाईओवर, नया बस स्टैंड और सीटी बायपास सहित कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर हुई चर्चा
जावरा। समृद्ध मध्यप्रदेश 2047 के तहत जिला विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने की दिशा में शुक्रवार को नगर पालिका परिषद जावरा के सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जावरा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 222 जावरा को वर्ष 2047 तक एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करना था। इसके लिए क्षेत्र के नागरिकों के जीवन स्तर, मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना, रोजगार, कृषि एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का समग्र आकलन करते हुए विभिन्न विभागों से सुझाव एवं परियोजनाओं के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए। बैठक में विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में संचालित तथा स्वीकृत विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा भी की गई।
नगर पालिका ने रखे कई महत्वाकांक्षी प्रस्ताव –
मुख्य नगर पालिका अधिकारी चन्द्रशेखर सोनिस ने विजन 2047 के अंतर्गत शहर के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत किए। इनमें प्रमुख रूप से आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण, हाईटेक ई-लाइब्रेरी, मल्टी स्टोरी मार्केट एवं पार्किंग, सोलर आधारित नगरीय निकाय एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, गीता भवन का विकास, इंडोर एवं आउटडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम, प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, नया हाईटेक बस स्टैंड, सिटी बायपास जैसी परियोजनाएं शामिल रहीं।
विधायक ने दिए त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश –
बैठक में विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने नगर पालिका एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था, पार्किंग, सीवरेज सिस्टम, ठोस कचरा प्रबंधन तथा पिपलौदा चौराहा, भीमाखेड़ी रेलवे फाटक एवं लुहारी रेलवे फाटक पर प्रस्तावित फ्लाईओवर जैसी परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विजन 2047 के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद –
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई चन्द्रवंशी, जनपद पंचायत जावरा अध्यक्ष रूकमणी हेमराज हाड़ा, जनपद उपाध्यक्ष अलका हरिओम पाटीदार, नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष युसूफ कड़पा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सभी विभागों के अधिकारियों ने प्रस्तुत की विकास योजनाएं –
बैठक में जल संसाधन, लोक निर्माण विभाग, राजस्व, जनपद पंचायत, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, वन विभाग, पीआईयू, एमपीआरडीसी, सहकारिता, जनजातीय कार्य विभाग, आईटीआई, एमपीईबी, नगर परिषद जावरा, पिपलौदा एवं बड़ावदा, स्वास्थ्य, शिक्षा, शासकीय महाविद्यालय, महिला एवं बाल विकास, श्रम, उद्योग, खनिज, ई-गवर्नेंस, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, लोक सेवा प्रबंधन तथा आयुष विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की विकास योजनाओं एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

