– स्कूल बसों की फिटनेस, परमिट और सुरक्षा उपकरणों की जांच में मिली अनियमितताएं, जून में 107 वाहनों से ?8.08 लाख वसूले गए।
रतलाम। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मिशा सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग ने जिलेभर में स्कूल बसों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान कई बसों में नियमों का उल्लंघन सामने आया, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए चार वाहनों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं एक स्कूल बस में गंभीर तकनीकी खामियां मिलने पर उसे तत्काल सुधारकर दोबारा निरीक्षण के लिए पेश करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विभाग ने जून माह में अवैध परिवहन के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई करते हुए 107 वाहनों से 8.08 लाख रुपये की वसूली की है।
स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से हुई जांच –
जिला परिवहन अधिकारी जगदीश बिल्लोरे एवं परिवहन विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न स्कूलों में संचालित बसों का निरीक्षण किया। इस दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), आपातकालीन खिड़की व दरवाजे, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (ङ्करुञ्जष्ठ), प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशमन यंत्र, फायर अलार्म सिस्टम, पैनिक बटन और स्पीड गवर्नर की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान बसों को सड़क पर चलवाकर स्पीड गवर्नर की कार्यप्रणाली भी जांची गई। साथ ही अग्निशमन यंत्रों को मौके पर चलवाकर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की गई तथा वाहन चालकों और परिचालकों को आपातकालीन परिस्थितियों में उनके उपयोग की जानकारी भी दी गई।
चार बसों पर कार्रवाई, 20 हजार रुपये का जुर्माना –
जांच के दौरान एक स्कूल बस का परमिट वैध नहीं पाया गया, जिस पर 5 हजार रुपये का समझौता शुल्क लगाया गया। वहीं तीन अन्य बसों के पीयूसी प्रमाणपत्र वैध नहीं मिलने पर 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल चार वाहनों से 20 हजार रुपये की राशि वसूल की गई।
एक स्कूल बस में मिली गंभीर खामियां –
निरीक्षण के दौरान एक स्कूल वाहन का फर्श और छत क्षतिग्रस्त पाए गए। इसके अलावा वाहन का केबिन, आपातकालीन खिड़की और इमरजेंसी दरवाजा भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला। परिवहन विभाग ने संबंधित स्कूल संचालक को वाहन की सभी कमियां दूर कर दोबारा निरीक्षण के लिए परिवहन कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जून में 107 वाहनों पर भी चला कार्रवाई का डंडा –
परिवहन विभाग ने बताया कि जून 2026 के दौरान जिले में अवैध परिवहन एवं सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कर बकाया, बिना वैध बीमा, बिना फिटनेस, बिना परमिट, बिना पीयूसी, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, सीट बेल्ट नियमों का उल्लंघन तथा ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 107 वाहनों से 3 लाख 57 हजार रुपये का समझौता शुल्क तथा 4 लाख 51 हजार 539 रुपये मोटरयान कर के रूप में वसूला गया। इस प्रकार जून माह में कुल 8 लाख 8 हजार 539 रुपये शासन के पक्ष में जमा कराए गए।
सुरक्षा नियमों से समझौता नहीं –
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूल बसों सहित सभी व्यावसायिक वाहनों की जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों और संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

