– 51 हजार सफल ऑपरेशन पर डॉ. नंदकिशोर वर्मा सम्मानित
– नि:शुल्क दवाई-चश्मा वितरण, कर्मचारियों का सम्मान,
– राष्ट्रीय संत नमन वैष्णव ने 2028 सिंहस्थ के लिए 11 लाख रुपये सहयोग की घोषणा की
जावरा। लायंस क्लब जावरा ने अपने स्वर्णिम सेवा वर्ष के अंतिम दिन भी सेवा और समर्पण की नई मिसाल पेश की। नवागत एसडीएम रचना शर्मा एवं राष्ट्रीय संत नमन वैष्णव की गरिमामयी उपस्थिति में लायंस नेत्र चिकित्सालय में नि:शुल्क दवाई एवं चश्मा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नेत्र रोगों की आधुनिक जांच के लिए अत्याधुनिक AB scane मशीन का लोकार्पण भी किया गया। वहीं, वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. नंदकिशोर वर्मा को 11 वर्षों में 51 हजार सफल नेत्र ऑपरेशन और 6.32 लाख से अधिक ओपीडी का रिकॉर्ड बनाने पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में अध्यक्ष यश जैन एडवोकेट ने स्वर्णिम कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्षभर स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, नेत्रदान, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से हजारों लोगों तक सहायता पहुंचाई गई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चिकित्सालय में 82 हजार से अधिक ओपीडी और 6,500 से अधिक सफल नेत्र ऑपरेशन हुए, जो संस्था के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ वार्षिक प्रदर्शन है।
डॉ वर्मा को अतिथियों ने किया सम्मानित –
डॉ. नंदकिशोर वर्मा की उल्लेखनीय सेवाओं को देखते हुए अतिथियों ने उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं चिकित्सालय के सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को भी उनके समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
हर संभव मदद करेगा प्रशासन –
अपने संबोधन में एसडीएम रचना शर्मा ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लायंस क्लब के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
11 लाख का सहयोग देंगे राष्ट्रसंत वैष्णव –
राष्ट्रीय संत नमन वैष्णव ने लायंस क्लब जावरा को सेवातीर्थ बताते हुए कहा कि निस्वार्थ सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है। उन्होंने अध्यक्ष यश जैन एवं उनकी पूरी टीम के कार्यकाल की सराहना करते हुए घोषणा की कि वर्ष 2028 सिंहस्थ महापर्व के दौरान उनके आश्रम में बची राशि में से 11 लाख रुपये लायंस क्लब जावरा को सहयोग स्वरूप दिए जाएंगे।
शाल श्रीफल से किया अतिथियों का सम्मान –
कार्यक्रम में नवागत एसडीएम रचना शर्मा एवं संत नमन वैष्णव का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। चिकित्सालय की गतिविधियों की जानकारी पूर्वाध्यक्ष गोपाल सेठिया ने दी। कार्यक्रम में पवन मोदी, घनश्याम रामनानी, रजनीकांत शाह, अरुण संघवी, हरिनारायण अरोड़ा, हेमंत श्रीमाल, अर्पित चत्तर, अनूप शर्मा, कमल सारड़ा, गजेंद्र बना तालीताना सहित बड़ी संख्या में लायन सदस्य, चिकित्सक, कर्मचारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन सचिव अशोक चोपड़ा ने तथा आभार पूर्वाध्यक्ष सुजानमल कोचट्टा ने व्यक्त किया।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

