– स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम, जावरा और पिपलौदा समेत कई केंद्रों पर मिले नए डॉक्टर
जावरा। विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के लगातार प्रयासों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 9 नए चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। इन नियुक्तियों से लंबे समय से डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे अस्पतालों को राहत मिलेगी और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं पहले से अधिक सशक्त होंगी। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों से जावरा, पिपलौदा, ढोढर, सुखेड़ा, कालूखेड़ा और पंचेवा में 9 नए चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है।
विधायक के प्रयासों से मिली सफलता –
जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप स्वास्थ्य विभाग भोपाल द्वारा जारी नवीन पदस्थापना सूची में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 9 चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। सिविल हॉस्पिटल जावरा प्रभारी डॉ. दीपक पालडिय़ा, सीबीएमओ जावरा, सीबीएमओ पिपलौदा डॉ. पवन पाटीदार एवं प्रभारी सुपरवाइजर शैलेन्द्र कुमार दवे ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय की अनुशंसा पर इन चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
लंबे समय से की जा रही थी पदस्थापना की मांग –
बताया गया कि विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय लंबे समय से विधानसभा क्षेत्र के अस्पतालों में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए प्रयासरत थे। वे लगातार मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के संपर्क में रहकर क्षेत्र में डॉक्टरों की कमी दूर करने की मांग कर रहे थे। इसी का परिणाम है कि अब क्षेत्र को 9 नए चिकित्सकों की सौगात मिली है।
पहले भी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में मिली सफलता –
विधायक डॉ. पांडेय स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को अपनी प्राथमिकता बताते रहे हैं। उनके प्रयासों से पिपलौदा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सिविल हॉस्पिटल में उन्नयन, रिंगनोद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना तथा जावरा में ब्लॉक मेडिकल यूनिट की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र में डेढ़ दर्जन से अधिक उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण को भी मंजूरी प्राप्त हुई है।
इन स्थानों पर हुई चिकित्सकों की नियुक्ति –
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी पदस्थापना सूची के अनुसार पिपलौदा सिविल हॉस्पिटल में डॉ. राज खराड़ी, डॉ. सोनिया डामोर, डॉ. मनीष परमार एवं डॉ. मयंक सिसोदिया, जावरा सिविल हॉस्पिटल में डॉ. भूमिका शर्मा, ढोढर में डॉ. शीतल चौहान, सुखेड़ा में डॉ. वर्षा जाट, कालूखेड़ा में डॉ. वीरेंद्र डोडियार, पंचेवा में डॉ. आर्या नीमा को नियुक्त किया गया हैं।
क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर –
जावरा विधानसभा क्षेत्र में 9 नए चिकित्सकों की नियुक्ति से आमजन में खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढऩे से मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार मिल सकेगा। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर विस्तार को लेकर विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों की भी सराहना की जा रही है।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

