– बामनघाटी ग्राम चौपाल में विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
– सड़क, बिजली, पेयजल और शिक्षा से जुड़े मुद्दों के समाधान के दिए निर्देश
पिपलौदा/जावरा। जावरा विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी अंचल में विकास की नई किरण लेकर आयोजित ग्राम चौपाल एवं समस्या समाधान शिविर में क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने 10 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी। ग्राम पंचायत आंबा के बामनघाटी में आयोजित शिविर में विधायक ने आम्बा एवं उम्मेदपुरा पंचायत के 14 टोला-मजरों के ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। विशेष रूप से बामनघाटी से जाम्बूडाबरा तक 7 करोड़ रुपये की लागत से ब्रिज सहित डामरीकृत सड़क निर्माण की घोषणा ने ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ा दी।
वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से गूंजा तालियों का शोर –
ग्राम चौपाल के दौरान जब विधायक डॉ. पांडेय ने बामनघाटी से जाम्बूडाबरा तक ब्रिज सहित सड़क निर्माण के लिए मुख्यमंत्री को 7 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजने की जानकारी दी, तो ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सभा स्थल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा और लोगों ने इस घोषणा का स्वागत किया।
सड़क से लेकर स्कूल तक विकास कार्यों की घोषणाएं –
शिविर में विधायक डॉ. पांडेय ने ग्राम बामनघाटी से जाम्बूडाबरा तक ब्रिज सहित डामरीकृत सड़क निर्माण के लिए मुख्यमंत्री को 7 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजने की जानकारी दी। वहीं ग्राम आंबा से दौलतपुर तक डामरीकृत सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 37 लाख रुपये के प्रस्ताव की घोषणा की। इसके अलावा बामनघाटी में सार्वजनिक चबूतरा निर्माण हेतु 50 हजार रुपये, लांबाखोरा में माताजी मंदिर के पास विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापना, जाम्बूडाबरा प्राथमिक विद्यालय मरम्मत के लिए 50 हजार रुपये, सांस्कृतिक शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, बखतपुरा एवं माता की धार के प्राथमिक विद्यालयों में मरम्मत कार्य हेतु 25-25 हजार रुपये तथा मऊड़ीखेड़ा (उम्मेदपुरा) में शांतिवन शेड निर्माण की घोषणा की गई। साथ ही आवश्यकतानुसार पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया। समस्याओं के निराकरण हेतु दिए निर्देश विधायक डॉ. पांडेय ने बामनघाटी में नलकूप में मोटर स्थापित करने, लांबाखोरा में आंतरिक मार्ग एवं पुलिया निर्माण का प्राक्कलन तैयार करने, नवीन नलकूप खनन एवं पुराने नलकूपों की मरम्मत, ट्रांसफार्मर स्थापना, जाम्बूडाबरा में शांतिवन शेड निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने, बखतपुरा-पंथवारी मार्ग का निरीक्षण करने तथा बखतपुरा में आंगनवाड़ी के अतिरिक्त कक्ष का प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गढ़ीनाल में नवीन डीपी स्थापना, माता की धार से गढ़ीनाल तक ग्रेवल सड़क निर्माण, भूरीघाटी में क्षतिग्रस्त विद्युत केबल सुधार, अचलपुरा में शांतिवन शेड का अपूर्ण कार्य पूर्ण कराने, आंगनवाड़ी की पेयजल व्यवस्था सुधारने, कुण्डाल में टूटे विद्युत तारों की मरम्मत तथा मऊड़ीखेड़ा (उम्मेदपुरा) में प्राथमिक विद्यालय, हेडपंप एवं नलकूप की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की समस्याओं का होगा समयबद्ध समाधान –
ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, राजस्व और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के सामने रखीं। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और आदिवासी क्षेत्रों के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद –
शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा, तहसीलदार देवेंद्र कुमार दानगढ़, थाना प्रभारी रमेश कोली, जनपद सीईओ ब्रह्मस्वरूप हंस, बीएमओ डॉ. पवन पाटीदार सहित जिला महामंत्री महेश सोनी, मंडल अध्यक्ष दिनेश पाटीदार, मंडल महामंत्री भंवरगिरी गोस्वामी, प्रकाश डाबी, कचरूलाल जाट, प्रवीण सिंह राठौर, प्रफुल जैन, नारायण धनगर, आशाराम परिहार, इंद्राबाई डिंडोर, बाबूलाल पाटीदार, लक्ष्मीनारायण पाटीदार, हरीश पाटीदार, मनमोहन सिंह राणा, धर्मेंद्र सिंह बाराखेड़ा, अभिषेक जैन, प्रहलाद पाटीदार, भेरूसिंह अयाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया।
इन कार्यों के लिए दिए गए निर्देश –
विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने नलकूपों की मरम्मत, नए नलकूप खनन, ट्रांसफार्मर स्थापना, आंतरिक मार्ग एवं पुलिया निर्माण, आंगनवाड़ी भवन विस्तार, विद्युत लाइन सुधार, ग्रेवल सड़क निर्माण तथा स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

