– विधायक राजेंद्र पांडेय को सौंपा ज्ञापन, तकनीकी सर्वे और पारदर्शी प्रबंधन की उठाई मांग
जावरा। जावरा में स्थित प्राचीन जागनाथ महादेव मंदिर की जर्जर स्थिति को लेकर हिंदू समाज में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। मंदिर समिति और समाजजनों ने विधायक राजेंद्र पांडेय को ज्ञापन सौंपकर मंदिर परिसर का पुन: तकनीकी सर्वे, स्थायी जीर्णोद्धार योजना और नई समिति गठन की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि यह मंदिर हिंदू समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन 300 से 400 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जबकि श्रावण मास में यह संख्या एक हजार से अधिक हो जाती है।
नींव कमजोर, कभी भी हो सकता है हादसा –
समाजजनों के अनुसार मंदिर परिसर के नीचे पीलिया खाल होने के कारण नींव लगातार कमजोर हो रही है। इसके चलते बीम और कॉलम की स्थिति भी खराब होती जा रही है। बारिश के दौरान पानी का बहाव बढऩे से भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका जताई गई है।
सिर्फ प्लास्टर नहीं, चाहिए स्थायी समाधान –
मंदिर समिति का कहना है कि प्रशासनिक सर्वे के बाद केवल प्लास्टर कर कमजोर हिस्सों को टिकाने की तैयारी की जा रही है, जिससे समाज संतुष्ट नहीं है। उन्होंने विशेषज्ञों की मौजूदगी में दोबारा विस्तृत तकनीकी सर्वे कराने की मांग रखी है।
दान की राशि जमा, लेकिन विकास कार्य नहीं –
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मंदिर सरकारी अधीनस्थ है और यहां आने वाला चढ़ावा वर्षों से सरकारी खाते में जमा हो रहा है, लेकिन विकास कार्यों की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। मंदिर में अब तक हुए निर्माण कार्य समाजजनों और दानदाताओं के सहयोग से ही पूरे हुए हैं।
नई समिति और पारदर्शिता की मांग –
हिंदू समाज ने मंदिर संचालन के लिए नई समिति गठित करने की मांग की है, जिसमें युवाओं और वरिष्ठजनों का संतुलित प्रतिनिधित्व हो। साथ ही आय-व्यय और खाते में जमा राशि की जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग की गई है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
विशेष तकनीकी टीम बनाने का प्रस्ताव –
ज्ञापन में सुझाव दिया गया है कि एसडीएम के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका, पॉलिटेक्निक कॉलेज के इंजीनियरों और निजी आर्किटेक्ट की संयुक्त टीम बनाकर मंदिर की तकनीकी जांच कराई जाए। इसके बाद जीर्णोद्धार के लिए ड्राइंग, डिजाइन और 3डी नक्शा तैयार कर सर्वसम्मति से निर्माण कार्य कराया जाए।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

