– रेवास गांव में दिनदहाड़े वारदात से सनसनी, परिजनों ने 25 हजार इनाम घोषित किया
– लूट का विरोध पड़ा भारी ? हत्या की आशंका से सनसनी, पुलिस हर एंगल पर जांच में जुटी
– सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे एएसपी और सीएसपी
जावरा। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खेत पर काम करने गई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के कानों से सोने की बालियां गायब मिलने से लूट के दौरान हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है, जबकि परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले के लिए 25 हजार इनाम की घोषणा की है।
जावरा के औद्योगिक थाना क्षेत्र के ग्राम रेवास में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां खेत पर काम करने गई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला तुलसीबाई राठौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खेत में औंधे मुंह पड़ी लाश और कानों से गायब सोने की बालियों ने पूरे मामले को हत्या और लूट की आशंका में बदल दिया है।
दोपहर 2 बजे तक थी स्वस्थ –
परिजनों के मुताबिक, तुलसीबाई दोपहर करीब 2 बजे तक पूरी तरह स्वस्थ थीं। उनके पोते ने खेत पर चाय पहुंचाई थी और उस समय वह सामान्य हालत में थीं। लेकिन शाम करीब 5 बजे जब परिवार के लोग दोबारा खेत पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गए—तुलसीबाई जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थीं। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
कानों से गायब मिली सोने की बालियां –
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि मृतका के कानों में पहनी जाने वाली करीब डेढ़ तोला सोने की बालियां गायब थीं। इससे परिजनों ने सीधा आरोप लगाया कि बदमाश लूट की नीयत से खेत पर पहुंचे और पहचान हो जाने के बाद बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल हत्या, लूट और अन्य संभावित एंगल पर जांच तेज कर दी गई है।
हत्यारे की सूचना देने पर 25,000 का इनाम घोषित –
घटना से आक्रोशित परिजनों ने बड़ा कदम उठाते हुए हत्यारे तक पहुंचने के लिए रुपए 25,000 का नगद इनाम घोषित किया है। मृतका के पुत्र अनोखीलाल राठौड़ (सचिव, ग्राम पंचायत राजाखेड़ी) ने ऐलान किया है कि जो भी व्यक्ति आरोपी के बारे में ठोस जानकारी देगा, उसका नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था –
दिनदहाड़े खेत में हुई इस संदिग्ध मौत ने ग्रामीण इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कैसे खुले खेत में एक बुजुर्ग महिला निशाना बन गई? क्या इलाके में सक्रिय है कोई लुटेरा गिरोह ? फिलहाल पूरा क्षेत्र दहशत में है और लोगों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं क्या तुलसीबाई को इंसाफ मिलेगा या यह मामला भी फाइलों में दब जाएगा ?


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

