– इंदौर के एडवेंचर स्थल पर आयोजित हुआ शैक्षणिक भ्रमण, 25 से अधिक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने लिया भाग, आत्मविश्वास और टीमवर्क का मिला अनुभव
जावरा। शिक्षा केवल किताबों और कक्षाओं तक सीमित नहीं होती, बल्कि व्यावहारिक अनुभव भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य को लेकर स्थानीय सेंट पॉल्स कॉन्वेंट स्कूल, जावरा द्वारा इंदौर स्थित प्रसिद्ध एडवेंचर स्थल ‘द ग्रांड माचल’ में एक दिवसीय शैक्षणिक एवं मनोरंजक भ्रमण का आयोजन किया गया।
इस रोमांचक यात्रा में कक्षा तीसरी से आठवीं तक के लगभग 230 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जबकि बच्चों की देखरेख एवं सुरक्षा के लिए करीब 15 शिक्षक-शिक्षिकाएं भी इस आयोजन का हिस्सा बने।
25 से अधिक रोमांचक गतिविधियों ने बढ़ाया उत्साह –
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नाव सवारी, जी़पलाइन, ट्रैम्पोलिन, रोलर कोस्टर, आर्चरी, रेन डांस, बर्मा ब्रिज, एडवेंचर क्लाइम्बिंग, मिनी ट्रेन, सामूहिक नृत्य सहित 25 से अधिक रोमांचक गतिविधियों का आनंद लिया। इन गतिविधियों ने बच्चों में आत्मविश्वास, साहस, टीमवर्क, अनुशासन और एकजुटता की भावना को प्रोत्साहित किया। प्राकृतिक वातावरण के बीच विद्यार्थियों ने मनोरंजन के साथ नए अनुभव प्राप्त किए। विद्यालय प्रबंधन द्वारा नाश्ते, दोपहर एवं रात्रि भोज सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। संपूर्ण भ्रमण के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों की सुरक्षा एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया।
अनुभव आधारित शिक्षा बच्चों के लिए जरूरी : देवेंद्र मूणत –
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर देवेंद्र मूणत ने कहा कि द ग्रांड माचल में आयोजित यह भ्रमण बच्चों के लिए सीखने का एक जीवंत माध्यम बना। इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सामूहिकता की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय के प्राचार्य भाविक मूणत ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों की मोहताज नहीं है, बल्कि अनुभव ही वास्तविक ज्ञान प्रदान करता है। इस यात्रा ने विद्यार्थियों को आनंद के साथ जीवन कौशल सीखने का अवसर दिया, जो उन्हें जीवनभर याद रहेगा। विद्यालय की एकेडमिक कॉर्डिनेटर पूर्वी मूणत ने बताया कि मनोरंजन एवं गतिविधियों से युक्त ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों के मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं। बच्चों की मुस्कान और उत्साह ही इस यात्रा की सबसे बड़ी सफलता रही।
अभिभावकों ने की विद्यालय प्रबंधन की सराहना –
इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आनंददायक भ्रमण आयोजित करने पर अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना की। पालकों ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को बिना किसी परेशानी के उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ भ्रमण करवाना विद्यालय की कुशल प्रबंधन क्षमता को दर्शाता है। अभिभावकों ने प्राचार्य एवं संपूर्ण सेंट पॉल्स परिवार को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय सामान्य आयोजनों को भी भव्यता और सहजता के साथ संपन्न कराने में विशेष पहचान रखता है। दिनभर की रोमांचक गतिविधियों, हंसी-खुशी और नए अनुभवों के साथ विद्यार्थी अनेक खूबसूरत एवं अविस्मरणीय यादें लेकर लौटे। इस सफल आयोजन के लिए सभी अभिभावकों ने सेंट पॉल्स परिवार का आभार व्यक्त किया।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
सेंट पॉल्स स्कूल के 230 विद्यार्थियों ने ‘द ग्रांड माचल’ में उठाया रोमांचक गतिविधियों का लुत्फ, मनोरंजन के साथ सीखे जीवन कौशल
Shailendra Singh
शैलेन्द्र सिंह चौहान | Chief Editor – Jaora Headlines शैलेन्द्र सिंह चौहान, Jaora Headlines के चीफ एडिटर हैं। वे जावरा, रतलाम एवं मध्यप्रदेश की स्थानीय, राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक और अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। Jaora Headlines के माध्यम से निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना उनका उद्देश्य है। स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता देना, जनहित के मुद्दों को उठाना और क्षेत्र की सकारात्मक उपलब्धियों को डिजिटल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। Jaora Headlines – जावरा की आवाज़, हर खबर पर नज़र।

