– शिक्षण समिति और विद्यालय परिवार ने दानदाता धाड़ीवाल परिवार को दिया धन्यवाद
जावरा। सरस्वती विद्या मंदिर, पहाडिय़ा रोड जावरा में महावीर जयंति के पावन अवसर पर एक सराहनीय एवं उपयोगी पहल के तहत आरओ (क्रह्र) मशीन का लोकार्पण किया गया। यह मशीन समाजसेवी सरदारमल धाड़ीवाल द्वारा अपनी स्वर्गीय धर्मपत्नी एवं स्वर्गीय पुत्र की पुण्य स्मृति में विद्यालय को भेंट की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरल एवं गरिमामय वातावरण में किया गया, जिसमें दानदाता सरदारमल धाड़ीवाल ने विधिवत फीता काटकर आरओ मशीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने इस पुण्य कार्य की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
शुद्ध पेयजल का बताया महत्व –
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अन्नक्षैत्र जनकल्याण समिति अध्यक्ष चंद्रप्रकाश ओस्तवाल, डॉ सी.एम. मेहता एवं संजय दासोत ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में शुद्ध पेयजल का महत्व अत्यधिक बढ़ गया है। ऐसे में विद्यालय में आरओ मशीन की स्थापना से विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उनके स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष राधेश्याम पोरवाल एवं सचिव तन्मय सोनी ने धाड़ीवाल के इस प्रेरणादायी सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्य समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।
विद्यार्थियों के लिए लाभकारी होगा आरओ –
प्राचार्य रेणुबाला शर्मा ने भी अपने उद्बोधन में कहा कि यह मशीन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी तथा विद्यालय में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ाएगी। कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य दीदीगण भी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने मिलकर सरदारमल धाड़ीवाल के इस सेवा भाव की सराहना की और उनके प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह पहल न केवल विद्यालय बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बनी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

