– प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के बाद अफवाहों ने पकड़ी रफ्तार
– रतलाम से जावरा तक पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें
— प्रशासन बोला ‘स्टॉक भरपूर, घबराने की जरूरत नहीं
जावरा/रतलाम। जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं होने के बावजूद अफवाहों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने ऐसा माहौल बना दिया कि पूरे जिले में पैनिक की स्थिति बन गई। मंगलवार की शाम तक माहोल शांत रहने के बाद देर शाम अचानक से पेट्रोल/डीजल के लिए जिले भर में पैनिक क्रिएट हो गया। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाल ही में संसद में दिए गए भाषण के बाद लोगों में आशंका बढ़ी और रतलाम में अचानक पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही वहां की भीड़ के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जावरा में भी हालात तेजी से बिगड़ गए। शाम तक शांत रहे जावरा में अचानक हालात बेकाबू हो गए और शहर के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर दुपहिया और चार पहिया वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
एक पंप बंद हुआ तो बाकी पर लगी कतारे –
चौपाटी स्थित बोहरा पेट्रोल पंप पर तो पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया तो संचालक ने पंप बंद कर दिया। जिसके बाद घबराए लोग रिलायंस पेट्रोल पंप और पुलिस पेट्रोल पंप के साथ अन्य पंप की ओर दौड़ पड़े। वहां पहले से लगी लंबी कतारों ने स्थिति को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया। जैसे जैसे सूचना मिलती गई, वैसे वैसे तनाव और बढ़ता गया और पंम्पों पर कतारे बढ़ती गई।
जिला प्रशासन बोला पर्याप्त स्टॉक पैनिक न हो –
इधर, जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद गोले के अनुसार, 24 मार्च 2026 तक जिले के सभी 184 पेट्रोल पंपों पर करीब 13,26,000 लीटर पेट्रोल और 16,16,000 लीटर डीजल उपलब्ध है, जो पूरी तरह पर्याप्त है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या सोशल मीडिया अफवाहों पर विश्वास न करें।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

