– अध्र्य, भगवा ध्वज पूजन और घंटाघर पर गुड़ी स्थापना, तिलक व मिश्री प्रसाद से किया अभिनंदन
जावरा। सरस्वती शिशु मंदिर जावरा द्वारा हिन्दू नववर्ष (गुड़ी पड़वा) का स्वागत बड़े ही श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात:काल पहाडिय़ा रोड़ स्थित सरस्वती पूरम में हुआ, जहां सूर्य की पहली किरण के साथ विद्यालय के प्राचार्य, आचार्यगण एवं स्टाफ द्वारा सूर्य देव को अध्र्य अर्पित कर उनकी विधिवत आराधना की गई। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति के प्रतीक संघ के भगवा ध्वज का भी विधिपूर्वक पूजन किया गया।
घंटाघर पर बनाई गुड़ी, लगाए तिलक –
इसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा स्थानीय घंटाघर चौराहे पर पहुंचकर गुड़ी का निर्माण कर उसका पूजन किया गया। गुड़ी को हिन्दू नववर्ष के विजय, समृद्धि एवं शुभारंभ का प्रतीक मानते हुए विवेक भारतीय शिक्षण समिति के उपाध्यक्ष राधेश्याम पोरवाल ने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर सभी को हिन्दु नववर्ष की शुभकामनाएं दीं एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर राहगीरों एवं नगरवासियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें मिश्री का प्रसाद वितरित कर नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं। इस आयोजन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण निर्मित हो गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य रेणुबाला शर्मा के मार्गदर्शन में समस्त आचार्य परिवार एवं स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

