– जनहित के 10 मुद्दों पर जीवन सिंह शेरपुर ने किया रतलाम कलेक्टर कार्यालय घेराव का ऐलान
– 17 मार्च को किसानों-ग्रामीणों और आमजन से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील
जावरा। जिले में बढ़ती अव्यवस्थाओं, किसानों की समस्याओं और आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रशाासन की चुप्पी को लेकर करणी सेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने रतलाम कलेक्टर कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। यह घेराव 17 मार्च 2026, मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे कलेक्टर कार्यालय रतलाम पर किया जाएगा।
इस संबंध में जारी सूचना में बताया गया है कि रतलाम जिले में लंबे समय से कई गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। इन्हीं जनहित के मुद्दों को लेकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा और समाधान की मांग की जाएगी। जीवन सिंह शेरपुर ने कहा कि जिले के किसानों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों से जुड़े 10 महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है। यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
आंदोलन में उठाए जाएंगे ये प्रमुख मुद्दे –
1. खनिज विभाग की कार्रवाई पर सवाल –
राजनीतिक द्वेषता के चलते खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन के नाम पर गिट्टी पर चलने वाले खाली डंपरों को पकड़कर कागजी कार्रवाई में उन्हें मुरम से भरा हुआ बताकर फर्जी प्रकरण दर्ज करने का प्रयास किया जा रहा है। इसकी निष्पक्ष जांच कर फर्जी प्रकरण बंद करने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
2. ग्राम पिपलिया जोधा में अवैध देह व्यापार का मामला –
ग्राम पिपलिया जोधा में अवैध देह व्यापार का विरोध करने पर चंद्रवंशी समाज की बेटी के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी, लेकिन अब तक पूरी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध देह व्यापार को बंद कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
3. नेगरून की नाबालिग बालिका का मामला –
ग्राम नेगरून तहसील ताल की चंद्रवंशी समाज की एक नाबालिग बालिका पिछले दो माह से गुमशुदा है। आरोप है कि पुलिस प्रशासन द्वारा अभी तक उसे खोजने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए गए हैं। बालिका को जल्द तलाश कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
4. जिले में बढ़ती चोरी की घटनाएं –
रतलाम जिले में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और कई मामलों में अभी तक चोरों को नहीं पकड़ा गया है। आरोप है कि कुछ लोग आमजन को डराकर चोरी का सामान वापस दिलाने के नाम पर पैसे वसूल रहे हैं और मासिक वसूली भी कर रहे हैं। इस पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की गई है।
5. ग्राम बोवनी में ईंट भट्टे से ग्रामीण परेशान –
जावरा तहसील के ग्राम बोवनी में चल रहे ईंट भट्टे से पूरे गांव के लोग परेशान हैं। कई बार शिकायत के बावजूद इसे नहीं हटाया गया है। इसे अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की गई है।
6. अम्बिका सिटी कॉलोनी में सुविधाओं का अभाव –
जावरा की अम्बिका सिटी कॉलोनी के निवासी मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशान हैं। कॉलोनाइजर के खिलाफ कार्रवाई करने और कॉलोनीवासियों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित करना बंद करने की मांग की गई है।
7. वर्षों से रह रहे परिवारों को हटाने का विरोध –
जिले के कई गांवों में पीढय़िों से निवास कर रहे परिवारों को नोटिस देकर हटाने की कार्रवाई की जा रही है। मांग की गई है कि उन्हें हटाने के बजाय स्थायी पट्टा प्रदान किया जाए।
8. किसानों के कर्ज जमा करने की तारीख बढ़ाने की मांग –
किसानों के कर्ज जमा करने की अंतिम तारीख 28 मार्च तय की गई है, जबकि कई क्षेत्रों में फसल अभी तैयार नहीं हुई है। किसानों को राहत देते हुए यह तारीख बढ़ाकर 15 मई करने की मांग की गई है।
9. गेहूं खरीदी पंजीयन में सर्वर समस्या –
सर्वर की समस्या के कारण कई किसान गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन नहीं कर पा रहे हैं। प्रशासन से पंजीयन की तारीख बढ़ाकर सभी किसानों की खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
10. भूमिहीनों को अब तक नहीं मिला पट्टा –
वर्ष 2017 में नगरपालिका जावरा द्वारा भूमिहीन लोगों से 10,000 की राशि जमा करवाई गई थी, लेकिन वर्ष 2026 तक भी उन्हें पट्टा नहीं दिया गया। पात्र लोगों को जल्द पट्टा देने और इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
आंदोलन में शामिल होने की अपील –
जीवन सिंह शेरपुर ने रतलाम जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि जनहित के इन मुद्दों को लेकर होने वाले कलेक्टर कार्यालय घेराव में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को मजबूत बनाएं, ताकि प्रशासन जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान कर सके।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

