– सिटी ओवरब्रिज के नीचे से उड़ाई थी ईको कार, पुलिस ने तीन राज्यों में तलाश कर आरोपी को दबोचा
– 5.40 लाख का सामान भी बरामद, 500 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस के जाल में फंसा ईको कार चोर
जावरा। सिटी ओवरब्रिज के नीचे से चोरी हुई मारुति ईको कार के मामले में जावरा शहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आदतन वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की कार सहित करीब 5 लाख 40 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। तीन राज्यों में 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद ट्रेन से भागने की कोशिश करने के दौरान ट्रेन में पीछा कर आरोपी को पुलिस ने पकड़ा।
जानकारी के अनुसार तिलक नगर निवासी महेन्द्र चावला ने थाना जावरा शहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19-20 फरवरी की दरमियानी रात किसी अज्ञात बदमाश ने उनकी मारुति ईको कार (एमपी 43 सीबी 1398) और कार में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। मामले में जावरा शहर थाना पुलिस ने अज्ञात पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
तीन राज्यों में तलाश, 500 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले –
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान और थाना प्रभारी दीपक मंडलोई के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने जावरा, कोटा, मथुरा, सवाई माधौपुर और उत्तराखंड के पीरान कलियर तक तलाश की और करीब 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
ट्रेन में पीछा कर दबोचा आरोपी –
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कोटा (राजस्थान) निवासी सैय्यद ओसाफ अली (37) को ट्रेस कर लिया। आरोपी चोरी की कार को कोटा में छिपाकर ट्रेन से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने पीछा करते हुए उसे पकड़ लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की मारुति ईको कार और कार में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया।
साक्ष्य मिटाने के लिए बदल दी थी नंबर प्लेट –
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए चोरी की कार पर दूसरी ईको कार (आरजे 27 सीबी 7488) की नंबर प्लेट लगा दी थी। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन वाहन चोर है और विशेष रूप से मारुति ईको कारों को ही निशाना बनाता था। उसके खिलाफ कोटा जिले के विभिन्न थानों में करीब 5 से 7 कार चोरी के मामले दर्ज हैं, जो न्यायालय में लंबित हैं। आरोपी अक्सर जमानत पर छूटकर फिर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
5.40 लाख का सामान बरामद –
पुलिस ने आरोपी से चोरी की कार के साथ 18 इंडक्शन चूल्हे, 5 वॉटर हीटर, 2 मिक्सर, 1 सीलिंग फैन सहित अन्य सामान बरामद किया है। बरामद मश्रुका की कुल कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है और उससे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
सराहनीय भूमिका –
कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक कुमार मंडलोई, तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार कोरी, उपनिरीक्षक चंद्रशेखर डिगा, सहायक उपनिरीक्षक नरेशसिंह कुशवाह, प्र.आर.जाकिर खान, मृदंग सातपुते, जगदीशचन्द्र, आरक्षक राधेश्याम चौहान, नारायणसिंह, शैलेन्द्रसिंह सिसौदिया, आकाश परिहार, रामप्रसाद मीणा, ललीतसिंह जगावत, सायबर सेल आरक्षक मयंक व्यास, तुषार की सराहनीय भुमिका रही।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

