– यातायात पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त कार्रवाई
– गौशाला रोड से बोहरा बाखल तक चला अभियान
– करीब 30 दुकानदारों का सामान किया जब्त
जावरा। शहर के प्रमुख बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण और फुटपाथों पर कब्जे को लेकर बुधवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। यातायात पुलिस और नगर पालिका के संयुक्त अमले ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर दुकानों के बाहर और फुटपाथों पर रखा सामान जब्त किया। इस कार्रवाई में करीब 30 दुकानदारों का सामान जब्त कर नगरपालिका के वाहन में भरकर ले जाया गया।
अतिक्रमण हटाने का यह अभियान नगर के गौशाला रोड से शुरू हुआ, जो रतलामी गेट, लक्ष्मीबाई रोड, नीमचौक, पिंजारवाड़ी, घंटाघर चौराहा क्षेत्र, बजाजखाना, पुल बाजार, गुन्ना चौक चौराहा होते हुए बोहरा बाखल क्षेत्र तक चला। कई स्थानों पर दुकानदारों ने फुटपाथों और सड़कों तक सामान फैला रखा था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अमला पहुंचते ही मचा बाजार में हडकंप –
अमले के बाजार में पहुंचते ही दुकानदारों और ठेला संचालकों में हड़कंप मच गया। कई लोग जल्दबाजी में अपना सामान समेटते नजर आए, जबकि कई जगह दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर दुकानदारों और अमले के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, हालांकि पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही।
अब सिर्फ जब्ती नहीं, होगा जुर्माना –
इस अभियान के दौरान यातायात प्रभारी मोनिकासिंह चौहान, नगर पालिका के दशरथ चौहान, बागवान अज्जु भाई सहित नपा और पुलिस का अमला मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि दुकानदारों द्वारा दोबारा सड़कों और फुटपाथों पर सामान रखकर अतिक्रमण किया गया तो सामान जब्त करने के साथ ही जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान के बाद बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी सुचारू दिखाई दी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

