– विनायक ग्रुप व पवन सोनी मित्र मंडल की गेर में उड़ा रंग-गुलाल, तीन घंटे तक चला उल्लास
– नगर पालिका की आकर्षक गेर में चेयरमैन, पार्षद और कर्मचारियों ने डीजे पर लिया आनंद
– राजेश भरावा मित्र मंडल की गेर भी शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पहुंची घंटाघर
– बालाजी मित्र मंडल ने स्टेशन चौराहे पर मचाई रंगों की धूम
जावरा। रंग पंचमी के अवसर पर जावरा नगर में रंगों, उत्साह और उमंग की अनूठी छटा देखने को मिली। शहर के मध्य स्थित घंटाघर चौराहा रंगों से सराबोर हो उठा, जहां विभिन्न संस्थाओं और मित्र मंडलों द्वारा निकाली गई रंगारंग गेर में शहरवासी जमकर झूमते नजर आए। डीजे और साउंड सिस्टम पर बज रहे होली के गीतों व धार्मिक भजनों की धुन पर युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने नाचते-गाते हुए एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की खुशियां साझा की।
तीन घंटे तक चला रंग और मस्ती का दौर –
घंटाघर चौराहा पर विनायक गु्रप एवं पवन सोनी मित्र मंडल द्वारा रंगारंग गेर का आयोजन किया गया। सुबह लगभग 11 बजे शुरू हुआ यह रंगों और मस्ती से भरपूर आयोजन करीब तीन घंटे तक चलता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं और नागरिकों ने रंग-गुलाल उड़ाते हुए उत्साहपूर्वक डांस किया और होली के गीतों पर थिरकते रहे। गेर में शामिल लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं। वातावरण में चारों ओर रंगों की बौछार और ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच नागरिक पूरे उत्साह के साथ पर्व का आनंद लेते दिखाई दिए।
रंगों की फुहार से सराबोर हुए सहभागी –
आयोजकों द्वारा गेर में भाग लेने पहुंचे लोगों पर फव्वारों से रंग की बौछारें कर वातावरण को और भी रंगीन बना दिया गया। रंगों की फुहार में भीगते हुए युवा डीजे की धुन पर झूमते नजर आए। आयोजन स्थल पर नागरिकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई, जिससे सभी ने उत्साह के साथ पर्व का आनंद लिया। आयोजक पवन सोनी ने बताया कि विनायक ग्रुप मित्र मंडल द्वारा वर्ष 2003 से लगातार हर वर्ष रंग पंचमी के दिन इस प्रकार की गेर का आयोजन किया जाता है। उनका कहना था कि इस तरह के सामूहिक आयोजन से समाज में आपसी भाईचारा बढ़ता है और लोग आपसी गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे के गले मिलते हैं।
नगर पालिका की गेर में जनप्रतिनिधि भी झूमे –
रंग पंचमी के अवसर पर जावरा नगर पालिका परिषद द्वारा भी आकर्षक गेर निकाली गई। यह गेर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुन: नगर पालिका परिसर पहुंची। इस दौरान डीजे की धुन पर नगर पालिका चेयरमैन, पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी भी रंगों में सराबोर होकर नाचते-गाते नजर आए। गेर में शामिल लोगों पर फायर फाइटर वाहन से पानी की बौछारें की गईं, जिससे उत्साह और भी बढ़ गया और लोग खुशी से झूम उठे।
राजेश भरावा मित्र मंडल की गेर भी रही आकर्षण का केंद्र –
इसी क्रम में राजेश भरावा मित्र मंडल द्वारा भी पुल बाजार स्थित जागनाथ मंदिर के सामने से रंगारंग गेर निकाली गई। यह गेर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए घंटाघर चौराहा पहुंची। गेर में शामिल नागरिकों ने रंग-गुलाल उड़ाते हुए रंग पंचमी का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया। मित्र मंडल द्वारा यह आयोजन पिछले चार वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होकर एक-दूसरे को रंग लगाते हुए पर्व की खुशियां मनाते हैं।
पूरे शहर में दिखा रंग पंचमी का उल्लास –
रंग पंचमी के अवसर पर जावरा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में रंग और उमंग का माहौल बना रहा। युवा, बच्चे और बुजुर्ग सभी ने इस पर्व को पूरे उत्साह और आनंद के साथ मनाया। शहर के कई स्थानों पर गेर, डीजे और रंगों की बौछारों के बीच लोग नाचते-गाते नजर आए। रंग पंचमी का यह पर्व जावरा में सौहार्द, भाईचारे और उत्साह का प्रतीक बनकर सामने आया, जहां लोगों ने रंगों के माध्यम से प्रेम और एकता का संदेश दिया।
बालाजी मित्र मंडल ने मचाई स्टेशन चौराहे पर धमाल –
शहर के स्टेशन रोड़ चौराहे पर बालाजी मित्र मंडल की रंगारंग गैर ने स्टेशन चौराहे पर रंगपचमी के पावन पर्व धमाल मचाई, डीजे की धुन और रंगों की बोछार के साथ युवाओं ने पर्व का जमकर आनंद लिया। रंग, गुलाल के साथ एक दुसरे को रंग लगाकर रंगपचंमी का रंगों भरा पर्व मनाया। इसी प्रकार कुम्हारी से भैरव भक्त मंडल की गैर निकली जो घंटाघर पहुंची, वहीं नृसिंहपुरा से भी रंगारंग गैर निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गो से होकर घंटाघर चौराहे पर पहुंची।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

