– माननखेड़ा में पुलिस की घेराबंदी सफल, 200 ग्राम एमडी ड्रग्स व बाइक सहित 22 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
जावरा। रतलाम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी माननखेड़ा, थाना रिंगनोद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 20 लाख रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर सूचना पर बिछाया जाल –
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक होंडा शाइन मोटरसाइकिल से एमडी ड्रग्स लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम माननखेड़ा के आम रोड चौराहे पर घेराबंदी कर दी। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 200 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
आरोपी से पूछताछ जारी –
पकड़े गए आरोपी की पहचान फैजान खान (22 वर्ष) पिता रफीक खान पठान, निवासी रिंगनोद, जिला रतलाम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि नशीला पदार्थ वह कहां से लाया था और किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कडय़िां जोडऩे में जुट गई है।
20.80 लाख का मशरूका जब्त –
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 200 ग्राम एमडी ड्रग्स (अनुमानित कीमत 20 लाख), नीले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल (अनुमानित कीमत 80 हजार) जब्त की है। इस प्रकार कुल जप्त मशरूका मूल्य 20,80,000 बताया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद, उपनिरीक्षक राजेश मालवीय सहित पुलिस टीम के जवानों आरक्षक घनश्याम कुमावत, संतोष कुमार, अनिल डांगी, प्रधान आरक्षक राहुल उपाध्याय, आरक्षक जितेन्द्र व्यास, नरेन्द्र सिंह, सैनिक जालम सिंह एवं शांतिलाल बामनिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

