– राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत IIM बोधगया में नेतृत्व विकास कार्यक्रम संपन्न
रतलाम। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत बिहार स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) बोधगया में आयोजित नेतृत्व विकास कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम संस्थान की निदेशक प्रो. डॉ. विनीता एस. सहाय के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जबकि संचालन में समन्वयक डॉ. अजीत टॉम जेम्स एवं डॉ. बिजॉय फिलिप वी. जी. का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
इस नेतृत्व विकास कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों में नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता और सुशासन की समझ को सुदृढ़ करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सुशासन, प्रभावी निर्णय-निर्माण, टीम प्रबंधन तथा जनहितकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन जैसे विषयों पर व्यवहारिक एवं प्रायोगिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के सबसे युवा जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह रिंगनोद (जिला रतलाम) ने भी सहभागिता की। उनके चयन से रतलाम जिले का गौरव बढ़ा है। महेंद्र सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायी अनुभव रहा। इससे उन्हें प्रशासनिक प्रक्रियाओं की बेहतर समझ और जनसेवा में प्रभावी नेतृत्व कौशल विकसित करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग वे अपने क्षेत्र के समग्र विकास, ग्रामीण उत्थान और जनहित के कार्यों में करेंगे। यह कार्यक्रम ग्रामीण शासन व्यवस्था को अधिक सक्षम एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे पंचायत स्तर पर योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सकेगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

