– 3 दिन पहले मोबाइल से वायरल हुआ था आपत्तिजनक वीडियो
इंदौर। शहर की द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित अंकली गली में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इंदौर को झकझोर दिया। 25 वर्षीय एमबीए छात्रा का शव उसके ही क्लासमेट के किराए के कमरे से निर्वस्त्र अवस्था में बरामद हुआ। कमरे के बाहर ताला लगा था और छात्रा पिछले तीन दिनों से लापता थी। मृतका और आरोपी युवक दोनों सांवेर रोड स्थित एक निजी संस्थान से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे।
मौत से पहले मोबाइल से फैलाया गया वीडियो –
मामले ने उस वक्त और भयावह रूप ले लिया जब परिजनों ने खुलासा किया कि 10 फरवरी की रात छात्रा के मोबाइल फोन से कॉलेज के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया गया था। वीडियो में युवक का चेहरा इमोजी से छिपा था, छात्रा का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा था। उसी मोबाइल से स्टेटस पर भी वीडियो डाले गए
छात्रा के परिचितों को भी वीडियो भेजे गए। परिजनों का आरोप है कि यह सब आरोपी ने छात्रा की छवि खराब करने और दबाव बनाने के लिए किया।
क्लासमेट मंदसौर का, कमरे से मिला शवज् आरोपी फरार –
पुलिस के अनुसार जिस कमरे से शव मिला वह उसके क्लासमेट पीयूष धनोतिया (निवासी मंदसौर) का किराए का कमरा है। सूचना मिलते ही एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद से ही आरोपी युवक लापता है, जिससे हत्या और ब्लैकमेलिंग की आशंका गहरा गई है।
कई सवाल, गहरा रहा शक –
छात्रा तीन दिन से गायब थी, पुलिस तक सूचना क्यों नहीं पहुंची ? वीडियो पोस्ट होने के बाद भी कॉलेज प्रशासन सक्रिय क्यों नहीं हुआ ? कमरे के बाहर ताला किसने लगाया ? यह आत्महत्या, ब्लैकमेल या सुनियोजित हत्या ? पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में टीमों को रवाना किया गया है।
परिजनों का आरोप –
परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और मोबाइल का गलत इस्तेमाल कर उसे बदनाम किया। उन्होंने इसे सुनियोजित अपराध बताते हुए कड़ी कार्रवाई और फास्ट-ट्रैक जांच की मांग की है।
शहर में आक्रोश, सोशल मीडिया पर उबाल –
घटना सामने आते ही सोशल मीडिया पर गुस्सा फूट पड़ा है। छात्र संगठनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और हर एंगल से जांच की जा रही हैं। हत्या, ब्लैकमेलिंग और साइबर क्राइम, सभी पहलुओं को शामिल किया गया है। यह मामला सिर्फ एक मौत नहीं, बल्कि भरोसे, सुरक्षा और डिजिटल अपराध तीनों पर बड़ा सवाल खड़ा कर गया है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

