– सुबह की दबिश ने तोड़ी अवैध शराब की कमर, 60 लीटर हाथ भट्टी शराब जप्त, चार आरोपी गिरफ्त में
जावरा। रतलाम जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने अब निर्णायक रुख अपना लिया है। सुबह उकेडिय़ा एवं राजाखेड़ी गांवों के कंजर डेरों पर की गई संयुक्त कार्रवाई में प्रशासन ने अवैध शराब के नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए करीब 1500 किलोग्राम महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया, जबकि 60 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जप्त की गई।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के सख्त निर्देशों के बाद जिलेभर में अवैध गतिविधियों, फरार आरोपियों और शराब माफियाओं के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया गया है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेककुमार लाल के मार्गदर्शन में तथा नगर पुलिस अधीक्षक जावरा शहर युवराजसिंह चौहान और जावरा मंडल सहायक जिला आबकारी अधिकारी शिवनारायण शिंगनाथ के निर्देशन में गठित संयुक्त पुलिस-आबकारी दल ने तड़के कंजर डेरों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बड़े-बड़े ड्रम, कुप्पे और मटकों में भरकर रखी गई महुआ लहान बरामद हुई, जिसे वहीं नष्ट कर दिया गया ताकि अवैध शराब निर्माण पूरी तरह रोका जा सके।
चार आरोपियों से हाथ भट्टी शराब बरामद –
संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों से चार आरोपियों को पकड़ते हुए कुल 60 लीटर कच्ची शराब जप्त की जिसमें सुंदरबाई पति देशराज से 15 लीटर, अंजली पति कमलेश कंजर से 15 लीटर, मुकेश पिता शंकर से 15 लीटर तथा ईश्वर पिता जीवनियां से 15 लीटर कच्ची शराब जप्त की। उक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
टीमवर्क से मिली सफलता –
संयुक्त कार्रवाई में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा से निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उपनिरीक्षक शिवेन्द्र कुमार, सहायक उपनिरीक्षक आशिष मांगरिया, प्रधान आरक्षक दिलीप शर्मा सहित पुलिस टीम तथा आबकारी विभाग से आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे, पुष्पराज चौहान, संतोष मंडलोई, अविनाश भूरिया, अभिषेक वायकर, मुख्य आरक्षक ओमप्रकाश सांवरिया एवं उनकी टीम का उल्लेखनीय योगदान रहा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

