– सकरी सड़क पर अवैध अतिक्रमण और ऑटो स्टैंड, न ट्रैफिक जवान दिखा न पुलिस जवान
जावरा। शहर का सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण क्षेत्र बोहरा बाखल आज अव्यवस्था, जाम और प्रशासनिक उदासीनता का जीवंत उदाहरण बन चुका है। हुसैन टेकरी से लेकर रोजाना, रिंगनोद, ताल और आलोट की ओर जाने वाला यह मुख्य मार्ग प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही का केंद्र है, लेकिन सकरी सड़क होने के बावजूद यहां अवैध अतिक्रमण और अवैध ऑटो स्टैंड खुलेआम फल-फूल रहे हैं। सड़क के दोनों ओर दुकानों द्वारा किया गया अतिक्रमण, ठेले और बेतरतीब खड़े वाहन यातायात को पूरी तरह से जकड़ चुके हैं। स्थिति तब और भयावह हो जाती है जब इसी संकरे मार्ग पर अवैध रूप से ऑटो खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार तो पैदल राहगीरों के लिए भी रास्ता बचता नहीं।
स्कूली वाहन से लेकर एंबूलेंस तक फंस जाती हैं –
जाम के कारण स्कूली वाहन, दोपहिया-चारपहिया, एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाएं तक फंस जाती हैं। आम नागरिकों का कहना है कि कुछ ही मिनटों का सफर तय करने में आधा घंटा लग जाता है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। वहीं जाम के चलते आसपास के दुकानदार और रहवासी भी परेशान होते हैं। जाम के दौरान वाहनों के तेज हार्न से रहवासी खासे परेशान रहते हैं।
न रहता कोई ट्रेफिक जवान, नहीं चौकी से कई देखता हैं हाल –
सबसे गंभीर बात यह है कि इतने संवेदनशील और व्यस्त मार्ग पर न तो ट्रैफिक विभाग का कोई जवान तैनात रहता है और न ही गुन्ना चौक पुलिस चौकी से कोई पुलिसकर्मी मौके पर नजर आता है। इससे अतिक्रमणकारियों और अवैध ऑटो चालकों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर सड़क को जाम किए हुए हैं।
शिकायतों के बाद मामला ठंडे बस्ते में –
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। कभी-कभार औपचारिक कार्रवाई कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है, लेकिन जमीनी हालात जस के तस बने हुए हैं।
क्या प्रशासन को हैं किसी हादसे का इंतजार –
नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही अवैध अतिक्रमण हटाकर ऑटो पार्किंग को नियंत्रित नहीं किया गया और नियमित पुलिस-ट्रैफिक ड्यूटी नहीं लगाई गई, तो यहां किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी दुर्घटना के इंतजार में है, या फिर बोहरा बाखल को जाम और अव्यवस्था से मुक्त कराने के लिए ठोस और स्थायी कदम उठाए जाएंगे?
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

