– वेतन एरियर, 30 दिवस कार्य, समय पर भुगतान व ड्रेस सहित मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा आंदोलन
जावरा। नगर पालिका परिषद जावरा में कार्यरत समस्त सफाईकर्मियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय सफाई महासंघ द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कर्मचारियों की 7 सूत्रीय प्रमुख मांगों का उल्लेख करते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
अखिल भारतीय सफाईमजदूर संघ नगर अध्यक्ष करण कल्याणे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि श्रमायुक्त द्वारा दिनांक 13 मार्च 2024 से लागू पुनरीक्षित न्यूनतम वेतन अधिनियम के अंतर्गत 1 अप्रैल 2024 से बढ़ा हुआ वेतन एवं एरियर भुगतान के स्पष्ट आदेश दिए गए हैं, लेकिन नगर पालिका जावरा के मस्टरकर्मियों को अब तक 11 माह का एरियर भुगतान नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
30 दिवस कार्य पर रखा जाए –
संघ ने यह भी मांग रखी कि नगर पालिका में आज भी कई सफाईकर्मी 29 दिवस ही कार्यरत दर्शाए जा रहे हैं, उन्हें 30 दिवस कार्य पर रखा जाए तथा कलेक्टर वेतनमान का लाभ दिया जाए। साथ ही स्थाई एवं विनियमित कर्मचारियों को प्रत्येक माह की 5 तारीख तक तथा मस्टरकर्मियों को 10 तारीख तक नियमित रूप से वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि निकाय में सफाईकर्मियों के रिक्त पदों पर अन्य जाति वर्ग के व्यक्तियों को अनुकंपा नियुक्ति न दी जाए। इसके अलावा पिछले दो वर्षों से कर्मचारियों को ड्रेस नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल ड्रेस उपलब्ध कराने की मांग की गई।
नवीन वाल्मिकी भवन बनाने की मांग –
वाल्मिकी समाज के मांगलिक आयोजनों हेतु नगर में किसी भी शासकीय मांगलिक भवन के अभाव का मुद्दा उठाते हुए नवीन वाल्मिकी मांगलिक भवन स्वीकृत करने की मांग भी की गई। साथ ही अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ (रजिस्ट्रेशन क्रमांक 9742) को नगर पालिका द्वारा कार्यालय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उपरोक्त मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो कर्मचारी यूनियन आगामी दिनों में धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की रहेगी। इस दौरान सचिव संतोष थनवार, उपाध्यक्ष दशरथ चौहान, रवि गोसर, विकास थनवार, कोषाध्यक्ष विनोद सोलंकी, सोनू धवन, जफर अब्बासी, पुखराज बीड़वान के साथ समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
०००००००००
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

