– ग्रामीण क्षेत्रों में 9 सांस्कृतिक शेड, दो विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष व लैब स्वीकृत
– पहले भी मिल चुकी हैं 8 करोड़ की विकास परियोजनाएँ
जावरा। विकास की राह पर निरंतर आगे बढ़ते जावरा विधानसभा क्षेत्र को एक बार फिर बड़ी सौगात मिली है। विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के सतत प्रयासों से क्षेत्र में लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से सांस्कृतिक शेड निर्माण एवं विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में हर्ष का वातावरण है। कुछ समय पूर्व ही ग्रामीण विकास और शिक्षा के क्षेत्र में लगभग आठ करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत हुए थे। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में अब नए निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है, जिससे क्षेत्रीय अधोसंरचना को और मजबूती मिलेगी।
विधायक डॉ. पांडेय ने जावरा विधानसभा के ग्रामीण अंचलों में विकास को प्राथमिकता देते हुए सामुदायिक भवनों और सांस्कृतिक शेड निर्माण की अनुशंसा की थी। इस हेतु उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल से भेंट कर स्वीकृति का आग्रह किया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
9 स्थानों पर बनेंगे सांस्कृतिक शेड –
लगभग 1 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से जावरा विकासखण्ड के ग्राम मेहंदी, पिपलियासीर, मार्तंडगंज, मोयाखेड़ा, शककरखेड़ी तथा पिपलौदा विकासखण्ड के ग्राम बडायला माताजी, बोरखेड़ा, रियावन (गोशाला परिसर) एवं सोहनगढ़ की नई आबादी में सांस्कृतिक शेड स्वीकृत किए गए हैं। इनसे ग्रामीण आयोजनों, सामाजिक कार्यक्रमों और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा।
शिक्षा क्षेत्र को भी बड़ी मजबूती –
शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगभग 1 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से हायर सेकेंडरी स्कूल पंचेवा और हाईस्कूल रोजाना में अतिरिक्त कक्ष एवं प्रयोगशाला निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। इससे पूर्व भी पाँच विद्यालयों में एक करोड़ से अधिक के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं।
पूर्व में भी मिल चुकी हैं 8 करोड़ के कार्यो की स्वीकृति –
उल्लेखनीय है कि इससे पहले डॉ. पांडेय की अनुशंसा पर लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से दो स्थानों पर अटल ग्राम पंचायत सुशासन भवन, तीन पुलिया निर्माण तथा 21 सामुदायिक भवनों की स्वीकृति मिल चुकी है। जावरा विधानसभा क्षेत्र को मिली इन सौगातों पर कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल एवं विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार होगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

