जावरा। सरस्वती शिशु मंदिर, सरस्वतीपुरम पहाडिय़ा रोड जावरा में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति, योग और स्वदेशी भावना से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के भैया-बहनों ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार का अभ्यास कर अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इसके पश्चात विद्यालय से स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
स्वदेशी संकल्प दौड़ को विवेक भारती शिक्षण समिति सचिव तनमय सोनी, भारतविकास परिषद अध्यक्ष पप्पुसिंह राठौर, अधिवक्ता समरथ साहु तथा प्राचार्य रेणुबाला शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर निकटवर्ती पूनम विहार कॉलोनी होते हुए खाटू श्याम मंदिर तक पहुंचकर संपन्न हुई। दौड़ के दौरान विद्यार्थी हाथों में तख्तियां लिए हुए स्वदेशी अपनाओ देश बचाओ जैसे प्रेरक नारों के साथ नागरिकों को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के लिए जागरूक करते नजर आए। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, आत्मनिर्भरता और स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, आचार्य-दीदी, भैया-बहनों का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्वामी विवेकानंदजी की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को स्वस्थ जीवन, स्वदेशी सोच और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढऩे की प्रेरणा देता नजर आया। इस दौरान ललिता पंवार, बीना मेहता, हेमंत जोशी, प्रमोद पटेल, दीपक पोरवाल आदि सहित समस्त स्टॉफ शामिल रहा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

