– बिजली पीडि़त उपभोक्ता समिति ने विद्युत कम्पनी के डीई को सौंपा ज्ञापन, दी चेतावनी
जावरा। नगर के बिजली उपभोक्ताओं के यहां उनकी अनुमति के बगैर लगाए गए स्मार्ट मीटर के चलते उन्हें विद्युत खपत के अनाप शनाप राशि के बिल प्राप्त हो रहे हैं। इसके विरोध में मंगलवार को दोपहर करीबन एक बजे बिजली उपभोक्ता पीडि़त समिति के सदस्यों ने बिजली कम्पनी के कार्यपालन यंत्री एमएच दीक्षित को उनके कार्यालय के बाहर एक ज्ञापन सौंपकर अगले माह की 6 तारीख तक समस्त समस्याओं के निराकरण के साथ ही मंडल की मनमानी से त्रस्त उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की गई। तय तिथि तक ऐसा ना होने की स्थिति में समिति ने विद्युत विभाग का घेराव कर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करने की चेतावनी दी।
ज्ञापन का वाचन करते हुए नीलेश मेहता ने कहा कि बिजली कम्पनी द्वारा उपभोक्ताओं के घर, दुकान अथवा संस्थान पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने के दौरान आश्वासन दिया गया था कि उपभोक्ता के सन्तोष के लिए स्मार्ट मीटर के पैरेलल पुराना मीटर लगाया जाएगा। लेकिन कम्पनी अपने वादे से मुकर गई। जिसका खामियाजा ईमानदारी से बिल चुकाने वाले मंडल के उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान समिति के असलम मेव, अली जमान, एडवोकेट अजीजुद्दीन शेख ने बिजली कम्पनी के जिम्मेदार अधिकारी को विद्युत उपभोक्ताओं की दीगर दिक्कतों से भी अवगत कराया। इस मौके पर निलेश मेहता, महेश शर्मा, असलम मेव, एडवोकेट सरफराज,एडवोकेट अजीजुद्दीन शेख, अशोक सिसोदिया,अली जमान , कृष्णा धाकड़, लक्की कायस्थ, युजवेंद्र सिंह, महिपाल सिंह, शाहरुख डेविड,फारूक लाला, मोहम्मद हुसैन, नवाब मेवाती, साहील, सिकन्दर मेव, फरीद हुसैन सहित कईं बिजली उपभोक्ता मौजूद थे।



Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

