– सेमिनार उपरांत विद्यालय परिसर में किया पौधारोपण
जावरा। मध्यप्रदेश ग्रामीण उपभोक्ता कल्याण संगठन एवं जिला उपभोक्ता कल्याण संगठन जावरा सांदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल जावरा में बच्चे उपभोक्ता के रूप में विषय पर कक्षा ग्यारहवीं एवं बारहवीं के छात्र छात्राओं के लिए सेमिनार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांदिपनी हॉयर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य राजेंद्र बॉस रहे। अध्यक्षता मध्यप्रदेश ग्रामीण उपभोक्ता कल्याण संघ की अध्यक्ष रश्मि पाण्डेय ने करते हुए बच्चों को मोबाइल के सदुपयोग हेतु समझाइश देते हुए कहा कि मोबाइल में सभी तरह की चीजें उपलब्ध हैं उनमें से हमें अच्छी चीजों को ही देखना हैं समझना व सीखना है बुरी चीजों से दूरी बनाकर रखें, साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट, सूदखोरी, कालाबाजारी से बचने हेतु उपभोक्ता संरक्षण न्यायालय में अपील करने हेतु जानकारी दी।
उपभोक्ता संरक्षण 2019 के बारे में दी जानकारी –
मध्यप्रदेश ग्रामीण उपभोक्ता कल्याण संघ की सचिव राजलक्ष्मी चंद्रावत ने सचिव उद्बोधन में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के बारे में जानकारी देते हुए बताया की उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 जम्मू कश्मीर को छोड़कर संपूर्ण भारत में लागू हुआ था। अब इसकी जगह उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 ने ले ली हंै। इस नए अधिनियम में काफी बदलाव किए गए हैं। उपभोक्ता अदालतें जिलास्तर, राज्यस्तर एवं राष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत हैं, 1986 के अधिनियम मैं जिला स्तर पर 20 लाख तक के केस लड़े जा सकते थे, राज्य स्तर पर 1 करोड़ तक के और राष्ट्रीय स्तर पर 1 करोड़ से ऊपर किंतु उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के द्वारा जिला स्तर पर 1 करोड़ तक के केस प्रदेश स्तर पर 20 करोड़ तक के केस, राष्ट्रीय स्तर पर 20 करोड़ या उससे अधिक तक के केस लड़े जा सकेंगे। इस अधिनियम द्वारा व्यक्ति ऑनलाइन भी शिकायत दर्ज कर सकता है व्यक्ति खुद अपना केस सादे कागज पर लिखकर लड़ सकता है, 20 लाख तक के केस में किसी वकील की आवश्यकता नहीं है, उपभोक्ता जहां रह रहा है वहीं की अदालत में केस लगा सकता है, जहां से वस्तु खरीदी है वहाँ की अदालत तक जाने की अब आवश्यकता नहीं रही।
उपभोक्ता संरक्षण पर हुई प्रतियोगिता –
संस्था के उपप्राचार्य संजय श्रीवास्तव और अध्यापकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में उपभोक्ता संरक्षण पर एक प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी। जिसमें प्रथम स्थान भव्य एवं ज्योति प्रजापत, द्वितीय स्थान लक्ष्य, उमा सोनी, सुमित प्रकाश चन्द्र, तृतीय स्थान कृतिका, मोइज्जम, कार्तिक यादव, हर्षित, साइम खान, जाह्नवी एवं कृपा ने प्राप्त किया जिन्हें उपहार स्वरूप नगद राशि प्रदान की गई।
विद्यालय परिसर में किया पौधारोपण –
कार्यक्रम में संस्था की सना चौहान, मंजू पांचाल, संतोष शर्मा, अर्चना पांडे, रीता सोनी, संगीता शर्मा ने सहयोग प्रदान किया। संचालन जिला उपभोक्ता कल्याण संघ की अध्यक्ष सुमन मेहता ने किया। आभार सचिव जागृति ठक्कर ने माना। कार्यक्रम के अंत में सांदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में संस्था के पदाधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ द्वारा आम, पीपल एवं गुलमोहर के पौधे लगाए गए।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

