– 21वें वर्षगाँठ महोत्सव के समापन अवसर पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भागवताचार्य ने सुनाया सुदामा चरित्र और भक्ति का संदेश
जावरा। शास्त्री कॉलोनी स्थित श्री साँवलिया सेठ मंदिर में आयोजित 21वें वर्षगाँठ महोत्सव के अंतर्गत नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा को रविवार को विश्राम दिया गया। इस अवसर पर व्यासपीठ का सम्मान मंदिर समिति एवं शिवशक्ति मारुति समिति के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ प्राप्त किया।
भागवताचार्य पं. पवन शास्त्री ने कथा के विश्राम दिवस पर कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का कभी समापन नहीं होता, यह केवल विश्राम है, क्योंकि इसका स्वरूप अनंत और विराट है। उन्होंने सुदामा चरित्र का भावपूर्ण वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण और श्री साँवलिया सेठ अपने भक्तों की सहायता के लिए समय-समय पर किसी न किसी रूप में अवश्य प्रकट होते हैं। उन्होंने नरसी मेहता के प्रसंग के माध्यम से भगवान की भक्तवत्सलता का भी वर्णन किया।
इन्होने लिया पौथी पूजन का लाभ –
इस अवसर पर ईस्कान मंदिर रतलाम के प्रमुख श्याम सखा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भगवत चर्चा कर भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के.एन. कुमावत, के.एल. स्वर्णकार, दीपक मेहता, राजेश धनोतिया, राकेश त्रिवेदी, निलेश जोशी एवं जोशी परिवार, आशीष पांडे (सुजापुर), उपरवाड़ा गौशाला के सदस्य तथा श्याम शर्मा सहित अनेक श्रद्धालुओं ने पोथी पूजन का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन मंदिर समिति के सचिव रामचंद्र पाटीदार ने किया।
सीएसपी ने उतारी आरती, सोमवार को होगा भंडारा –
सायंकालीन आरती में सीएसपी युवराज सिंह अपने परिवार सहित, जोशी परिवार, मारुति महिला मंडल एवं शास्त्री कॉलोनी के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर समिति अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण जोशी ने बताया कि 29 जून को वर्षगाँठ महोत्सव के समापन अवसर पर श्री साँवलिया सेठ का महाअभिषेक, महाआरती एवं महाप्रसादी (भंडारा) आयोजित किया जाएगा। उन्होंने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

