– बीएलएम पेलेस पर हुई भाजपा की विधानसभा स्तरीय बैठक
जावरा।भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जितना विकास इस प्रदेश और देश मे हुआ है उतनी कल्पना भी हमने नही की होगी। सेकड़ो जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आज हर वर्ग को मिल रहा है। इन्ही विकास कार्यो व योजनाओं को लेकर अब हमें जनता के बीच जाना है। याद रहे हमारा एक ही नेता है कमल, एक ही उम्मीदवार है कमल ओर हर बुथ पर जब कमल खिलेगा तो भाजपा की सरकार बनाने से कोई नही रोक सकता।
यह बात मुख्य वक्ता गुजरात के पूर्व केबिनेट मंत्री व विधायक जीतू भाई वाघानी ने जावरा बीएलएम पैलेस पर आयोजित वृहद बैठक में भारतीय जनता पार्टी जावरा विधानसभा के कार्यकर्ताओ को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि घमंडिया लोग सनातन परंपरा को समाप्त करना चाहते हैं, जिस सनातन से प्रेरित होकर स्वामी विवेकानंद ने समाज की विभिन्न बुराइयों के प्रति लोगों को जागरुक किया था व हमारे पूर्वजों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कार्यकर्ताओ से आह्वान किया कि हमे भाजपा के पक्ष में मतदान करवाकर इन सनातन विरोधियों को सबक सिखाना है। बैठक को बडोदरा गुजरात विधायक व जिला प्रभारी केयूर भाई रोकडिय़ा ने भी संबोधित कर करते हुए कार्यकर्ताओ को बुथ स्तर पर मजबूती से कार्य करने को कहा।
विधायक बोले भाजपा का मान सम्मान कभी कम नहीं होगा –
स्वागत भाषण देते हुए विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने उपस्थित अतिथियों को आश्वस्त किया कि भाजपा का मान सम्मान जावरा विधानसभा में कभी कम नही होगा। यहां पार्टी प्रचंड बहुमत से जीतेगी। इस अवसर पर जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय, केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त भरतदास बैरागी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य केके सिंह कालूखेड़ा, कानसिंह चौहान भी मंचासीन थे। अतिथियों का स्वागत विधानसभा सह संयोजक बद्रीलाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, राजेंद्र सिंह गुडरखेड़ा, मुकेश बग्गड़, अमित पाठक ने किया। सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा भारतमाता, प.दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रशाद मुखर्जी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, लालबहादुर शास्त्री की तस्वीर पर मालार्पण व दीपप्रज्वलन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। संचालन विधानसभा संयोजक महेश सोनी ने किया। आभार भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा ने माना।


