– रतलाम में एग्री क्लिनिक-एग्री बिजनेस योजना के तहत युवाओं को मिला स्वरोजगार का सुनहरा अवसर
जावरा/नामली। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी एग्री क्लिनिक एवं एग्री बिजनेस सेंटर योजना के अंतर्गत रतलाम जिले के राष्ट्रीय आजीविका संसाधन संस्थान, भदवासा (नामली) में 45 दिवसीय नि:शुल्क स्वरोजगारोन्मुखी कृषि प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण मैनेज, हैदराबाद के मार्गदर्शन में ग्रामीण युवाओं को आधुनिक कृषि व्यवसाय से जोडऩे का सशक्त माध्यम बन रहा है।
प्रशिक्षणार्थियों ने किया वेयरहाउस व पॉलीहाउस का शैक्षणिक भ्रमण –
कोर्स डायरेक्टर एवं प्रोफेसर नरहरि शर्मा के नेतृत्व में प्रशिक्षणार्थियों को चंद्रावत वेयरहाउस एवं कुशलगढ़ स्थित माँ का आशीर्वाद कृषि उद्योग पॉलीहाउस का भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य कृषि भंडारण, आधुनिक खेती, तकनीकी प्रबंधन और व्यावसायिक संभावनाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझाना था।
वेयरहाउस निर्माण में 40-45 प्रतिशत तक सब्सिडी –
चंद्रावत वेयरहाउस के मैनेजर कुलदीप सिंह चंद्रावत ने प्रशिक्षणार्थियों को वेयरहाउस की संरचना, संचालन प्रणाली, फ्यूमिगेशन प्रक्रिया और अनाज भंडारण की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वेयरहाउस निर्माण हेतु डीपीआर, जमीन के दस्तावेज व नक्शा आवश्यक होता है, तथा सभी प्रक्रिया पूर्ण करने पर सरकार से 40 से 45 प्रतिशत तक अनुदान प्राप्त किया जा सकता है।
पॉलीहाउस खेती से बढ़ रही ग्रामीण युवाओं की आय –
कुशलगढ़ स्थित माँ का आशीर्वाद कृषि उद्योग के संचालक विनोद पाटीदार ने पॉलीहाउस, उन्नत खेती, हाईब्रिड पौधों, कोल्ड स्टोरेज और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं के लिए कृषि में अपार रोजगार और आय के अवसर मौजूद हैं, बस उन्हें सही दिशा और प्रशिक्षण की जरूरत है।
20 लाख तक लोन और 44 प्रतिशत तक अनुदान का मौका –
प्रो. नरहरि शर्मा ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त युवा 20 लाख रुपये तक का ऋण और 36 से 44 प्रतिशत तक सरकारी अनुदान लेकर अपना कृषि उद्यम शुरू कर सकते हैं। यह प्रशिक्षण कृषि स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा धारक, होम साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, बॉटनी, जूलॉजी, केमिस्ट्री, पर्यावरण विज्ञान जैसे विषयों से जुड़े विद्यार्थियों के लिए बेहद लाभकारी है।
फरवरी से शुरू होगा दूसरा बैच, पंजीयन जारी –
इस नि:शुल्क प्रशिक्षण का दूसरा बैच फरवरी माह के प्रथम सप्ताह से शुरू होने जा रहा है, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन अभी से प्रारंभ हो चुके हैं।
ग्रामीण युवाओं और कृषि क्षेत्र में भविष्य बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह योजना सपनों को साकार करने का सशक्त मंच बन रही है। भ्रमण कार्यक्रम में सभी प्रशिक्षणार्थियों के साथ संस्थान के शंकर डोडियार भी उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

