– जावरा हेडलाईंस की खबर के बाद एसडीएम ने किया था स्टींग ऑपरेशन
– लायसेंस निलंबित करने का भेजा था प्रस्ताव
जावरा। जिले में युरिया की कालाबाजारी और तय मूल्य से अधिक में किसानों को युरिया बेचने के मामले में जावरा के नई धानमंडी स्थित अनोखीलाल एण्ड संस का उर्वरक लायसेंस जिला कलेक्टर राजेश बाथम ने निलंबित कर दिया हैं। उल्लेखनीय है कि जावरा हेडलाईंस की खबर के बाद एसडीएम जावरा त्रिलोचन गौड़ ने उक्त दुकान पर एक चोकीदार को ग्राहक बनाकर भेजा था, जिसमें दुकानदार द्वारा तय मूल्य 266 रुपए के स्थान पर 360 रुपए में युरिया बेचा था, जिस पर जावरा तहसीलदार और कृषि अधिकारियों ने दुकान को एक दिन के लिए सील करते हुए लायसेंस रद्द करने का प्रस्ताव बनाकर जिला कलेक्टर को भेजा था।
कलेक्टर ने किया लायसेंस निरस्त –
जिला कलेक्टर के आदेश पर जिले के जावरा में उर्वरक निरीक्षक दल ने मैसर्स अनोखीलाल एण्ड संस की फर्म का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मैसर्स अनोखीलाल एण्ड संस के निरीक्षण पर स्टाक सूची/भाव सूची अपूर्ण होना, मासिक प्रगति प्रतिवेदन नियमित न भेजने एवं यूरिया की निर्धारित मूल्य से अधिक राशि लेकर विक्रय किए जाने के फलस्वरुप दुकानदार को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। कारण बताओ सूचना पत्र का संतोषप्रद उत्तर नहीं होने पर प्रथम दृष्टया उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 की धाराओं का स्पष्ट उल्लंघन किया जाना सिद्ध होने पर मैसर्स अनोखीलाल एण्ड संस का उर्वरक लायसेंस आगामी आदेश तक निलंबित किया गया हैं।
जावरा हेडलाईंस ने उजागर किया था मामला –
रबी के सीजन में हर साल की तरह इस बार भी यूरिया की कालाबाजारी हो रही है। किसानों को सरकार द्वारा तय दाम से अधिक रुपए में युरिया बेचे जाने और युरिया के साथ अन्य पाउच और पैकेट देने के मामले में जिम्मेदारों द्वारा कार्रवाई नहीं करने पर किसानों की पीड़ा को उजागर करते हुए मंगलवार को जावरा हेडलाईंस ने अंधेरगर्दी : नहीं थम रही युरिया की कालाबाजारी, 266 का युरिया 350 से 370 रुपए में खरीदने को मजबुर किसान शिर्षक से खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद खबर ने अपना असर दिखाया और जिला कलेक्टर ने तत्काल इस मामले में कार्रवाई करने के आदेश कृषि विभाग डीडीए, एसएडीओ और एसडीएम जावरा को दिए। जिसके बाद एसडीएम ने चोकीदार को भेजकर पहले स्टींग आपॅरेशन किया उसके बाद बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम जावरा की खाद बिज दुकानों पर कार्रवाई करने पहुंची। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने तय रेट से अधिक में युरिया बेचने पर धानमंडी रोड़ स्थित अनोखीलाल एण्ड ब्रदर्स दुकान को सील कर दिया।


