– विधानसभा अध्यक्ष सनी अखेडिय़ा के नेतृत्व में उठाई तीन प्रमुख मांगें, समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
जावरा। जावरा में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, उपभोक्ताओं को मिल रहे अत्यधिक बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच युवक कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। विधानसभा अध्यक्ष सनी अखेडिय़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के सहायक यंत्री को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समय रहते मांगें नहीं मानी गईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
विधानसभा युवक कांग्रेस जावरा ने शनिवार को मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के सहायक यंत्री को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती, अत्यधिक बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष सनी अखेडिय़ा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि जावरा शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दिन और रात के समय लगातार अघोषित बिजली कटौती से आमजन, किसान, व्यापारी और विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। युवक कांग्रेस ने मांग की कि बिना पूर्व सूचना के होने वाली विद्युत कटौती तत्काल बंद की जाए।
उपभोक्ताओं पर पड़ रहा आर्थिक बोझ –
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिजली बिल दिए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इन बिलों की जांच कर शीघ्र निराकरण किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। युवक कांग्रेस ने स्मार्ट मीटरों को लेकर भी सवाल उठाए। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर सामान्य मीटरों की तुलना में अधिक रीडिंग दर्ज कर रहे हैं, जिसके कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिल काफी बढ़ रहे हैं। संगठन ने इसे आम जनता की जेब पर सीधा आर्थिक भार बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
नहीं तो होगा उग्र आंदोलन –
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विद्युत वितरण कंपनी ने समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया तो युवक कांग्रेस विधानसभा जावरा उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत वितरण कंपनी की होगी। इस दौरान पियूष गवली के अत्यधिक बिजली बिल के मामले का भी तत्काल निराकरण करने का आग्रह अधिकारियों से किया गया।
इनकी रही उपस्थिति –
ज्ञापन सौंपने के दौरान एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष संयम शर्मा, पार्षद कान्हा हाड़ा, पार्षद प्रतिनिधि इमरान मंसूरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र ऊटवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रफीक शाह, पंकज कुमार शाह, जयदीप सिंह डोडिया, विधानसभा महासचिव पुरुषोत्तम बोडाना, जावेद पॉपुलर, कादिर भाई, कमलेश वर्मा, दीपक जोशी, समीर मंसूरी, गौतम नागरू, नरेंद्र सिंह झाला, सूरज गोजर, अनिल गुर्जर, अब्दुल रहमान, मुस्तकीम नागौरी, भीष्म गोसर, शांतिलाल परिहार, कमल भाभर, अमन सेन, विकास, राहुल, हिमांशु, जगदीश, जीतू लोहार, राहुल जोशी, वरुण रारोतिया, शाहरुख खान सहित बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

