– बढ़ती जनसंख्या, बढ़ते जनकार्यों और जनमांग के आधार पर जावरा जिले की मांग को लेकर सरकार से स्पष्ट जवाब की मांग
– विगत कई वर्षो से जनता, विभिन्न संगठनों ने भी उठा रखी हैं मांग
– लगातार पत्राचार के साथ कई बार सदन में भी उठ चुकी हैं मांग
जावरा। जावरा को जिला बनाये जाने की बहुप्रतीक्षित मांग पर एक बार फिर जोरदार आवाज उठी हैं। स्थानीय विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने 4 दिसंबर 2025 को आहूत विधानसभा सत्र में तारांकित प्रश्न क्रमांक 1077 के माध्यम से राजस्व मंत्री से जवाब मांगा है। इस मामले में विधायक डॉ पाण्डेय पूव में भी मुख्यमंत्री से लेकर मुख्य सचिव तक कई बार पत्राचार भी कर चुके हैं। भोगोलिक, आर्थिक, धार्मिक व सामाजिक दृष्टि के साथ ही रेलवे, एक्सप्रेस वे से युक्त जावरा जिले की सभी अर्हताएं पूर्ण करता हैं। ऐसे में विधानसभा में उठे इस सवाल ने एक बार फिर जावरा में जिला निर्माण की उम्मीदें जगा दी हैं। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें सरकार के आधिकारिक उत्तर और आने वाले निर्णय पर टिकी हैं।
विधायक डॉ पाण्डेय ने कहा कि जावरा क्षेत्र की जनता, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और पत्रकार संगठनों द्वारा लंबे समय से जावरा को जिला बनाने की मांग की जा रही है। तीव्र गति से बढ़ती जनसंख्या तथा लगातार बढ़ते राजस्व एवं जनकार्यों के चलते जावरा को स्वतंत्र जिले के रूप में विकसित किए जाने की आवश्यकता अब अत्यधिक महत्वपूर्ण हो गई है। डॉ. पाण्डेय ने अपने प्रश्न के माध्यम से बताया कि जावरा, पिपलोदा, आलोट, ताल और बड़ावदा तहसीलों के संगठन, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक वर्षों से जावरा को जिला घोषित किये जाने की मांग करते आ रहे हैं। इस जनमांग को बार-बार सरकार के संज्ञान में भी लाया गया हैं।
मुख्यमंत्री से मुख्य सचिव तक लगातार पत्राचार और सदन में भी उठा –
विधायक ने बताया कि उन्होंने स्वयं भी कई वर्षों से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव को निरंतर पत्र भेजकर तथा विधानसभा में विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से ध्यान आकृष्ट किया है। उनका कहना है कि जावरा जिले की मांग केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि क्षेत्र की वास्तविक प्रशासनिक जरूरत है। जिसके चलते स्थानीय एवं जिला प्रशासन ने भी प्रदेशर सरकार को जिला बनाने संबंधी सकारात्मक प्रतिवेदन भेजा हैं।
विधायक बोले जावरा को जिला बनाना अब जरूरी –
प्रश्न में उन्होंने यह भी पूछा है कि क्या स्थानीय प्रशासन एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जावरा को जिला बनाये जाने हेतु विस्तृत और सकारात्मक प्रतिवेदन सरकार को भेजा गया हैं ? यदि हां, तो सरकार बताये कि जावरा को जिला घोषित करने की प्रक्रिया कब तक पूर्ण की जा सकेगी ?

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

