– महाअभिषेक, दिव्य श्रृंगार और पुष्पवर्षा के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की महाप्रसादी
जावरा। शास्त्री कॉलोनी स्थित श्री साँवलिया सेठ मंदिर में आयोजित 21वें वर्षगाँठ महोत्सव का सोमवार को भव्य महाआरती एवं माहाप्रसादी (भंडारे) के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण समापन हुआ। नौ दिवसीय यह धार्मिक आयोजन 21 जून से प्रारंभ होकर 29 जून को हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ संपन्न हुआ।
समापन दिवस पर प्रात:काल से ही मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया। पंडित हरिओम शर्मा एवं मंदिर पुजारी पंडित गोपाल शर्मा ने भगवान श्री साँवलिया सेठ का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दिव्य महाअभिषेक संपन्न कराया। इसके बाद चांदी के वागे से भगवान का आकर्षक एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रात: 10 बजे यज्ञ एवं हवन का आयोजन हुआ, जिसमें लक्ष्मीनारायण जोशी एवं जोशी परिवार मुख्य यजमान रहे। दोपहर 12.30 बजे पुष्पवर्षा और इत्र वर्षा के बीच भगवान श्री साँवलिया सेठ की चमत्कारी महाआरती संपन्न हुई। महाआरती के बाद विशाल माहाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
इन्होने लिया आरती का लाभ –
महाआरती के लाभार्थी सुभाष उपाध्याय एवं जोशी परिवार रहे। इस अवसर पर कैलाशसिंह परिहार, कानसिंह चौहान, देवेंद्र शर्मा, डॉ. घनश्याम पाटीदार, भारत विकास परिषद अध्यक्ष शेखर नाहर, गिरिराज उपाध्याय, दीपक मेहता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंदिर समिति अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण जोशी ने वर्षगाँठ महोत्सव में पधारे सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। महोत्सव में शास्त्री कॉलोनी के रहवासी, साँवरे कुटुम्ब, भारत विकास परिषद, सर्व ब्राह्मण समाज, मारुति महिला मंडल सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन मंदिर समिति सचिव रामचंद्र पाटीदार ने किया। अंत में मंदिर समिति सदस्य निलेश जोशी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।


Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

