सांसद खेल महोत्सव के विधानसभा स्तरीय आयोजन को लेकर अनुविभागीय कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक
– खेलों के सफल आयोजन, सुरक्षा, व्यवस्थाओं और युवाओं की सहभागिता को लेकर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने रखे सुझाव
जावरा। युवाओं की ऊर्जा, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करने वाले सांसद खेल महोत्सव का विधानसभा स्तरीय आयोजन इस क्षेत्र में खेलों के एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहा है। खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाने हेतु अनुविभागीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आयोजन से जुड़े जिम्मेदारों ने सहभागिता करते हुए अपने बहुमूल्य सुझाव प्रस्तुत किए।
अनुविभागीय अधिकारी सुनील जायसवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि खेल महोत्सव के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण की जाएं, जिससे खिलाडिय़ों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल सके और आयोजन क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश जाए। वहीं सीएसपी युवराजसिंह ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यातायात प्रभारी मोनिका सिंह ने प्रतियोगिता के दिनों में यातायात सुचारू बनाए रखने की योजना प्रस्तुत की।
बैठक में जिला महामंत्री महेश सोनी, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, कीर्तिशरण सिंह, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, मंदसौर भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल, जिला सहकार्यालय मंत्री राजेन्द्र सिंह गुडऱखेड़ा, भाजपा नेता रतन लॉकड, मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह देवड़ा, मांगीलाल पांचाल, रितेश जैन, दिनेश पाटीदार ने भी अपने सुझाव रखे और आयोजन को भव्य एवं प्रेरणादायक बनाने पर जोर दिया। इसके अलावा शहर थाना प्रभारी दीपक मंडलोई, नगर पालिका सीएमओ राहुल शर्मा, मंडी सचिव आरके वसुनिया, बीएमओ डॉ एसएल खराड़ी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जावरा ज्योति पटेल के साथ बीईओ पिपलौदा व आयोजन से जुड़े समस्त क्रीड़ा अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि सांसद खेल महोत्सव के विधानसभा स्तरीय आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, ताकि खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल सके और आयोजन क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश जाए।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

