– विधायक डॉ. पांडेय के ध्यानाकर्षण पर मंत्री ने दी विस्तृत जानकारी – निजी स्कूलों की मनमानी रोकने नई नीति लागू, जांच रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
जावरा/भोपाल। रतलाम नगर के एक निजी स्कूल में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी छात्र द्वारा कथित रूप से डराने-धमकाने के कारण तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने की गंभीर घटना पर प्रदेश सरकार ने संज्ञान लिया है। इस संबंध में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और स्कूल की मान्यता हेतु नोटिस जारी कर दिया गया है।
प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह ने यह जानकारी जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय द्वारा ध्यानाकर्षण के दौरान पूछे गए प्रश्न के जवाब में दी। विधायक डॉ. पांडेय ने इस संवेदनशील मामले को सदन में उठाते हुए कहा कि छात्र को डराने और मानसिक दबाव में रखने जैसी हरकतें बेहद गंभीर हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित निजी स्कूल पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, उन्होंने निजी स्कूलों में वॉशरूम में कैमरे लगाए जाने, रेप जैसी घटनाओं में वृद्धि, तथा किताबों, यूनिफॉर्म और फीस की मनमानी जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।
जिला कलेक्टर को दे नियंत्रण के अधिकार –
डॉ. पांडेय ने मांग की कि नवोदय और केंद्रीय विद्यालय की तरह सीबीएसई निजी स्कूलों को नियंत्रित करने के अधिकार जिला कलेक्टर को दिए जाने चाहिए, ताकि अभिभावकों और छात्रों के हितों की रक्षा हो सके।
प्राचार्य निलंबित, जांच शुरु –
जवाब में शिक्षा मंत्री श्री सिंह ने बताया कि उक्त घटना में दोषी प्राचार्य को अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है और पुलिस प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि निजी स्कूलों में यूनिफॉर्म, फीस और किताबों को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार ने नई नीति बनाई है। अब निजी स्कूलों को मान्यता के लिए एनओसी जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से ही दी जाएगी और यदि गंभीर शिकायतें मिलती हैं तो एनओसी वापस ले ली जाएगी।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

