– एक तस्कर गिरफतार, सप्लायर की तलाश
जावरा/रतलाम। जिले में नशे के खिलाफ छेड़े गए निर्णायक अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए खतरनाक सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए की बड़ी खेप पकड़ी है। ढोढर चौकी पुलिस ने 200 ग्राम एमडी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपए आंकी गई है, जप्त कर एक सक्रिय तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे ड्रग माफिया नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। वहीं ड्रग सप्लाय करने वाला आरोपी फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में ड्रग्स तस्करों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश खाखा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेककुमार लाल, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद तथा ढोढर चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी के नेतृत्व में यह ऑपरेशन अंजाम दिया गया।
मुखबिर की सूचना से टूटी तस्करी की रीढ़ –
05 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति कलालिया फन्टा, ढोढर क्षेत्र में एमडी ड्रग्स की डिलीवरी देने आने वाला है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के सभी प्रावधानों का पालन करते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने शिवलाल पिता रामलाल मालवीय (35 वर्ष), निवासी परवलिया को पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 200 ग्राम एमडी ड्रग्स एक प्लास्टिक थैली में बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि यह मादक पदार्थ उसे समद खान पठान, निवासी परवलिया द्वारा 2-3 दिन पहले सप्लाई किया गया था और आज इसे आगे डिलीवर किया जाना था। पुलिस अब फरार आरोपी और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।
एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुआ संगीन अपराध –
थाना रिंगनोद में आरोपियों के खिलाफ धारा 8/22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गहन विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस अब ड्रग्स सप्लाई चेन से जुड़े अन्य तस्करों, फाइनेंसरों और ग्राहकों तक पहुंचने की तैयारी कर रही है। इस बड़ी सफलता में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उनि रघुवीर जोशी, सउनि गजेन्द्र सिंह शक्तावत, प्र.आर. राहुल उपाध्याय, आर. जितेन्द्र व्यास, 279 मुकेश गेहलोत, शोभाराम शर्मा, कृष्णपाल सिंह, नरेंद्र सिंह जगावत की सराहनीय भूमिका रही।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

