– लायन्स नेत्र चिकित्सालय में 40 से अधिक नेत्र रोगियों को मिला नि:शुल्क उपचार, दवाइयाँ व चश्मे
जावरा। प्राणी मात्र की सेवा ही सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और पुरुषार्थ की भावना से किसी को नेत्र ज्योति प्रदान करने से बड़ा कोई पुण्य नहीं है। यह विचार तहसीलदार श्री पारस वेश ने लायन्स नेत्र चिकित्सालय में आयोजित नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं नेत्र उपचार कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।
इस अवसर पर 40 से अधिक नेत्र रोगियों को नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद दवाइयाँ एवं चश्मे वितरित किए गए। मुख्य अतिथि तहसीलदार पारस वेश ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि पहली बार इतने अत्याधुनिक एवं स्थायी नेत्र चिकित्सालय के माध्यम से इतने व्यापक स्तर पर नि:शुल्क नेत्र ज्योति सेवा प्रदान करने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने लायन्स क्लब के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं चिकित्सालय स्टाफ को इस पुनीत कार्य के लिए साधुवाद दिया। तहसीलदार वेश ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने का यह प्रयास अनुकरणीय है और मानव सेवा के इस कार्य में वे भविष्य में भी हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए तत्पर रहेंगे।
लायन्स क्लब की सेवा गतिविधियाँ बनी समाज के लिए वरदान –
कार्यक्रम के प्रारंभ में लायन्स क्लब अध्यक्ष एमजेएफ लायन यश जैन ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि लायन्स नेत्र चिकित्सालय के माध्यम से इस वर्ष कई नई सेवा गतिविधियाँ प्रारंभ की गई हैं। इनमें डायग्नोस्टिक सेंटर की स्थापना, जिले की लगभग 5 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का नि:शुल्क नेत्र परीक्षण व दवा वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर तथा विभिन्न वार्डों में नियमित जांच शिविर आयोजित कर आमजन तक नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएँ पहुँचाई जा रही हैं।
चालू सत्र में 41 हजार से अधिक नेत्र रोगियों का परीक्षण –
लायन्स क्लब के सचिव अशोक चोपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि चालू सत्र में अब तक 41 हजार से अधिक नेत्र रोगियों का परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क उपचार एवं दवाइयाँ प्रदान की गई हैं। वहीं 3 हजार से अधिक नेत्र रोगियों के सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन कर उन्हें नई दृष्टि प्रदान की गई है।
मुख्य अतिथि का भव्य सम्मान –
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि तहसीलदार श्री पारस वेश का सम्मान लायन्स क्लब अध्यक्ष यश जैन, सचिव अशोक चोपड़ा, कोषाध्यक्ष राकेश कोचट्टा तथा पूर्व अध्यक्ष लायन कमल जैन, सुजानमल कोचट्टा, गोपाल सेठिया, विमल सिसोदिया एवं अर्पित चत्तर एडवोकेट द्वारा शाल ओढ़ाकर एवं मोतियों की माला पहनाकर किया गया। कार्यक्रम का संचालन सचिव अशोक चोपड़ा ने किया तथा आभार प्रदर्शन पूर्व अध्यक्ष सुजानमल कोचट्टा ने माना।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

