– प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा, हवन-यज्ञ व महाआरती के साथ हुआ समापन
जावरा। सकल पंच धाकड़ समाज, नरसिंहपुरा जावरा द्वारा नरसिंह मंदिर की वर्षगांठ के अवसर पर भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—हाथी खाना, भड्भुन्जा चौक, पुल बाजार, बजाज खाना, घंटाघर चौराहा , पिपली बाजार से फूटी बावड़ी से होती हुई पुन: नरसिंह मंदिर पहुंची।
यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर चल रही थीं, वहीं युवक-युवतियां भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे। विशेष आकर्षण के रूप में अश्वमेध ध्वजा लेकर घुड़सवार भी यात्रा में शामिल रहे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों एवं नागरिकों द्वारा कलश यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। मंदिर पहुंचने पर विधि-विधान से हवन-यज्ञ, अनुष्ठान, जलाभिषेक एवं महा आरती संपन्न हुई। अंत में सभी समाजजनों ने सामूहिक रूप से प्रसादी ग्रहण की और आयोजन को सफल बनाया।


