– 252 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा तस्करी के मामले में SAFEMA कोर्ट की कार्रवाई, रतलाम पुलिस अब तक 50.94 करोड़ की संपत्तियां करा चुकी है फ्रीज
जावरा/रतलाम। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रतलाम पुलिस ने एक और बड़ी वैधानिक कार्रवाई की है। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा के अंतर्गत डोडाचूरा तस्करी के मामले में आरोपी आदिल खान की करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए हैं। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक SAFEMA/NDPSA मुंबई ने 23 नवंबर 2026 को NDPS एक्ट की धारा 68F(2) के तहत इसकी पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आदिल खान पिता आबिद खान निवासी महावीर कॉलोनी, जावरा के खिलाफ 252 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा (पोस्त भूसा) की तस्करी के मामले में कार्रवाई की गई थी। इसी प्रकरण में तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था।
तीन श्रेणियों में चिह्नित की गई संपत्तियां –
फ्रीज की गई संपत्तियों में 60 लाख रुपये मूल्य की कृषि भूमि, करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की छह व्यावसायिक भूमि तथा 20 लाख रुपये मूल्य की एक अन्य व्यावसायिक भूमि शामिल है। इन सभी संपत्तियों का कुल मूल्य 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंका गया है।
रतलाम पुलिस अब तक 136 करोड़ से अधिक की संपत्तियों के प्रकरण भेज चुकी –
रतलाम पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध अभियान के तहत अब तक 136 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए SAFEMA कोर्ट में प्रकरण भेजे जा चुके हैं। इनमें से लगभग 50 करोड़ 94 लाख रुपये की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका –
इस कार्रवाई में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा के निरीक्षक सुमित मिश्रा, सउनि दिनेश चंद्र नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार एवं आरक्षक सुनीता जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रतलाम पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई के साथ-साथ उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर भी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नशे के कारोबार के आर्थिक आधार को समाप्त किया जा सके।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
2.80 करोड़ की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश, जावरा के डोडाचूरा तस्कर आदिल खान पर बड़ी कार्रवाई
Shailendra Singh
शैलेन्द्र सिंह चौहान | Chief Editor – Jaora Headlines शैलेन्द्र सिंह चौहान, Jaora Headlines के चीफ एडिटर हैं। वे जावरा, रतलाम एवं मध्यप्रदेश की स्थानीय, राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक और अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। Jaora Headlines के माध्यम से निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देना उनका उद्देश्य है। स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता देना, जनहित के मुद्दों को उठाना और क्षेत्र की सकारात्मक उपलब्धियों को डिजिटल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। Jaora Headlines – जावरा की आवाज़, हर खबर पर नज़र।

