– फोरलेन ओवरब्रिज पर अधिवक्ता की गर्दन तक पहुंचा मांजा, गर्दन बचाने में कटी ऊंगली
– दावों की हकीकत फिर उजागर, निजी नर्सिंग में करवाया उपचार
जावरा। शहर में मांजे के खिलाफ पुलिस व प्रशासन द्वारा की जा रही कथित सख्ती के दावे एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गए हैं। गुरुवार की शाम जावरा के फोरलेन स्थित ओवरब्रिज पर अधिवक्ता हर्ष कांठेड़ मांजे का शिकार हो गए। बाइक से नवकार सिटी स्थित घर लौटते समय अचानक उनकी गर्दन पर धारदार मांजा आ गया, जिससे गले पर कट के गहरे निशान बन गए। घटना के दौरान जब अधिवक्ता ने घबराकर हाथ से गले में फंसे मांजे को हटाने का प्रयास किया, तो उनकी उंगली भी कट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित हटाया, अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। बहरहाल शहर के राठौर नर्सिंग होम पर उनका उपचार हुआ। उनकी उंगली मेंं करीब पांच से छ: टांके भी आए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओवरब्रिज जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह खुलेआम मांजे का होना बेहद चिंताजनक है। यह वही क्षेत्र है जहां दिनभर दोपहिया वाहन चार पहिया वाहनों के साथ कई बड़े वाहन गुजरते हैं। कई लोग इसी ब्रीज का उपयोग कर सीटी से चौपाटी की और आना जाना करते हैं। ऐसे में इस ब्रिज पर आवाजाही लगातार जारी रहती हैं। उल्लेखनीय है कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर मांजे की बिक्री और उपयोग पर प्रतिबंध लगाने, कार्रवाई करने और सख्ती बरतने के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। शहर में अब भी चोरी-छिपे मांजा बिक रहा है और बेखौफ होकर इसका उपयोग किया जा रहा है।
तो कोन लेगा सुरक्षा की गारंटी –
घटना के बाद आमजन में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार नागरिक और अधिवक्ता तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम राहगीरों की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा? मांजे से पहले भी कई बार घायल होने और जानलेवा घटनाएं सामने आ चुकी हैं, बावजूद इसके ठोस और सतत कार्रवाई का अभाव साफ नजर आता है। अब सवाल यह है कि क्या इस घटना के बाद पुलिस-प्रशासन केवल औपचारिक बयानबाजी करेगा या फिर वास्तव में मांजे की अवैध बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जाएगी। शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, नियमित सघन जांच हो और मांजे पर पूर्ण प्रतिबंध को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि किसी और की जान खतरे में न पड़े।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

