मुख्यमंत्री के सम्मान में मंडी कर्मचारी मैदान में नारे लगाते हुए मंडी की बंद –
– संयुक्त संघर्ष मोर्चा म.प्र. मंडी बोर्ड भोपाल के आव्हान पर हड़ताल की प्रारंंभ –
जावरा । कृषि उपज मंडी समिति कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चिकालीन हड़ताल पर चले गए है। प्रथम दिन कर्मचारियों ने कृषि उपज मंडी आफिस के बाहर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के सम्मान में मंडी कर्मचारी मैदान में आदि नारे लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया। संयुक्त संघर्ष मोर्चा म.प्र. मंडी बोर्ड भोपाल द्वारा गत सिंतबर से जारी पत्रानुसार सीएम शिवराजसिंह चौहान द्वारा 4 अगस्त को मंडी बोर्ड की स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान मंडी कर्मचारियों का आमेलन मंडी बोर्ड में किए जाने की घोषणा मंत्री व वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष की गई थी। सीएम द्वारा की गई घोषणा को लागु करवाने के लिए आंदोलन किया जा रहा है। मांगे पूरी नही होने पर सोमवार से प्रदेश की समस्त मंडी-उपमंडियां बंद कर अनिश्चिकालीन हडताल प्रारंभ की गई है। हडताल के चलते प्रदेश की समस्त 259 मंडी व 298 उपमंडिया पूर्णरूप से बंद कर अनिश्विकालीन आंदोलन प्रारंभ किया गया है। कर्मचारियों ने सीएम की घोषणा का सम्मान करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से शीघ्र ही आमेलन संबधी आदेश पारित करवाने की मांग की। हड़ताल के चलते प्रदेश की मंडियों में किसी भी प्रकार का क्रय-विक्रय नही हुआ।