– सीसीटीवी, रात्रि निगरानी, दानपात्र प्रबंधन सहित कई बिंदुओं पर दिए गए स्पष्ट निर्देश
जावरा। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर रविवार को नगर पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में पुजारी संघ की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर के समस्त मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा संभावित अप्रिय घटनाओं को रोकना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए नगर पुलिस अधीक्षक युवराजसिंह चौहान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी मंदिर परिसरों में समिति के सहयोग से सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएँ। साथ ही रात्रि के समय मंदिर परिसर में किसी न किसी समिति सदस्य अथवा पुजारी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिरों में स्थापित दानपात्रों को प्रत्येक 7 दिवस में अनिवार्य रूप से खाली किया जाए, ताकि चोरी या अन्य किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। साथ ही मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार के कीमती सामान अथवा आभूषण न रखने के निर्देश दिए गए। नगर पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी बाहरी या संदिग्ध व्यक्ति को रात्रि में मंदिर परिसर में शरण न दी जाए। यदि ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न होती है, तो तत्काल संबंधित थाने को सूचना दी जाए। बैठक के दौरान थाना प्रभारी जावरा शहर दीपक मंडलोई, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा विक्रमसिंह चौहान तथा नगर के समस्त मंदिरों के पुजारीगण उपस्थित रहे। सभी उपस्थितजनों ने पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने एवं मंदिर सुरक्षा में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

