– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विधानसभा अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित कई दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
– 150 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
– किसानों को होगा सिंगल क्लिक से भावांतर राशि का अंतरण
जावरा। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, आठ बार के सांसद एवं ‘मालवा के गांधी’ के रूप में विख्यात स्व. डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण 28 दिसंबर को जावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सुजापुर में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 12 बजे ग्राम बाराखेड़ा स्थित हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे ग्राम सुजापुर जाकर डॉ. पांडेय की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह प्रतिमा उस महान व्यक्तित्व की स्मृति को समर्पित होगी, जिन्होंने 1962 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. कैलाशनाथ काटजू को पराजित कर देशभर में राजनीतिक इतिहास रच दिया था। यह पहली बार था जब किसी पदस्थ मुख्यमंत्री को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय जावरा-मंदसौर-नीमच क्षेत्र से लगातार आठ बार सांसद रहे। वे रक्षा मंत्रालय, विदेश मामलों सहित एक दर्जन से अधिक संसदीय समितियों के सभापति रहे और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अत्यंत निकट सहयोगी माने जाते थे। उनके योगदान को सम्मान देते हुए राज्य सरकार द्वारा रतलाम मेडिकल कॉलेज का नाम भी उनके नाम पर रखा गया है।
इन दिग्गजों की रहेगी उपस्थिति –
इस गरिमामय कार्यक्रम में मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, सांसद सुधीर गुप्ता, बंशीलाल गुर्जर, अनिल फिरोजिया सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
150 करोड़ के विकास कार्यो का होगा लोकापर्ण व शिलान्यास –
प्रतिमा अनावरण के पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे कॉलेज ग्राउंड, जावरा पहुंचेंगे, जहां भावांतर भुगतान योजना की तीसरी किश्त का सिंगल क्लिक से किसानों के खातों में अंतरण किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में डॉ. पांडेय के जीवनवृत्त पर आधारित पुस्तक युग पुरुष बाबूजी का विमोचन भी किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा, जिससे जावरा और आसपास के क्षेत्रों को नई विकास गति मिलेगी। यह आयोजन न केवल डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय के अतुलनीय योगदान को श्रद्धांजलि होगा, बल्कि जावरा क्षेत्र के लिए विकास और सम्मान का एक ऐतिहासिक अध्याय भी सिद्ध होगा।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

