– लेबड़-नयागांव फोरलेन के ब्लैक स्पॉट होंगे सुरक्षित, पहले मिल चुके हैं 10 करोड़ रुपए
जावरा/भोपाल। जावरा विधानसभा क्षेत्र के लेबड़-नयागांव फोरलेन हाईवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधानसभा में प्रस्तुत अनुपूरक बजट में हाईवे के ब्लैक स्पॉट सुधार और सुरक्षा कार्यों के लिए 2.50 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है।
जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय लंबे समय से इस हाईवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री के समक्ष लगातार मामला उठाते रहे हैं। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि इससे पहले मुख्य बजट में ग्राम माननखेड़ा के ब्लैक स्पॉट सुधार के लिए लगभग 10 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई थी।
भीमाखेड़ी फाटक और अरनिया फंटा पर होंगे सुरक्षा इंतजाम –
अब अनुपूरक बजट में मिली 2.50 करोड़ रुपए की राशि से भीमाखेड़ी फाटक चौराहा एवं अरनिया फंटा जैसे दुर्घटना संभावित स्थानों पर दीर्घकालिक सुधार कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों में सड़क चौड़ीकरण, दुर्घटना संभावित बिंदुओं का सुधार, सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करना तथा विद्युत व्यवस्था का विकास शामिल है। विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने जावरा विधानसभा क्षेत्र को यह सौगात मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से हाईवे पर दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आम नागरिकों की यात्रा अधिक सुरक्षित होगी।

Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

