जावरा। सरस्वती शिशु मंदिर सरस्वतीपुरम, पहाडय़िा रोड जावरा के छात्र-छात्राओं ने कृषि विज्ञान केंद्र कालूखेड़ा, जावरा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी विविध शैक्षणिक जानकारियां प्राप्त कीं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पशुपालन, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन, फसलों में कीटनाशकों के संतुलित उपयोग तथा मिट्टी की गुणवत्ता परीक्षण की वैज्ञानिक विधियों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के पौधों एवं वनस्पतियों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और उनके महत्व को समझा।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. सर्वेश त्रिपाठी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कृषि क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के पश्चात उपलब्ध कैरियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न कृषि प्रयोगशालाओं के कार्य एवं उपयोगिता से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया। कार्यक्रम में डॉ. रामधन घसवा (वैज्ञानिक, कृषि अनुसंधान केंद्र) एवं डॉ. शीशराम जाटव ने भी विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना के इतिहास एवं इसके प्रमुख कार्यों पर प्रकाश डाला। इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के साथ आचार्य प्रमोद पटेल एवं आचार्य हेमंत जोशी उपस्थित रहे। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

